News

उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का मुख्यमंत्री द्वारा शुभारम्भ करते हुए पोर्टल एवं वेबसाइट की की गई लांचिंग

0 प्रदेश भर के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी व अन्य सुविधाओं की मुख्यमंत्री जी द्वारा दी गई सौगात-लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का विकास भवन के आडीटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर दिखाया गया सजीव प्रसारण

0 विधायक नगर, मड़िहान, मझवां, मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, चेयरमैन सहकारिता व अध्यक्ष नगर पालिका द्वारा दीप प्रज्जवलित कर विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम का किया गया शुभारम्भआउटसोर्सिंग कार्मिकों का बढ़े हुए वेतन का डेमो चेक, सफाई कार्मिकों को सुरक्षा किट व श्रम विभाग योजनान्तर्गत श्रमिकों को दिया गया प्रमाण पत्र

मीरजापुर। प्रदेश के विभिन्न कार्यालयों, नगर पालिकाओं, निगमों में कार्यरत सभी आउटसोर्सिंग कार्मिकों को उनकी मेहनत का उचित मानदेय, सामाजिक सुरक्षा व सम्मान की गारंटी तथा किसी घटना, दुर्घटना होने पर उन्हें दुर्घटना/मुआवजा उपलब्ध कराने के दृष्टिगत मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में सम्पूर्ण आउटसोर्सिंग मानव संसाधन प्रबंधन के डिजिटल एकीकरण हेतु उ0प्र0 आउटसोर्स सेवा निगम (यू0पी0एस0ओ0एस0) का शुभारम्भ किया।

 इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा यू0पी0एस0ओ0एस0 के पोर्टल, वेबसाइट एवं लोगो का अनावरण करने के साथ ही आउटसोर्स कार्मिकों को डेमो चेक का भी वितरण किया गया। मुख्यमंत्री जी ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पूर्व आउटसोर्स कार्मिकों को इन उपहारों के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं भी दी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य एवं उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी उपस्थित रहे।इस अवसर पर पथरहिया स्थित विकास भवन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। विकास भवन के कार्यक्रम में विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, चेयरमैन सहकारिता जगदीश सिंह पटेल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दरी केसरी व मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने दीप प्रज्जवलित कर विकास भवन के कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण के द्वारा नगर पालिका परिषद के आउटसोर्स कार्मिकों/सफाई कार्मिकों को बढ़े हुए वेतन का डेमो चेक प्रदान किया गया तथा श्रम विभाग के द्वारा भी श्रम सम्मान योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों व श्रमिकों की लड़कियों के शिक्षा, विवाह आदि हेतु देय धनराशि का डेमो चेक जनप्रतिनिधिगण के द्वारा वितरित किया गया।कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक नगर रत्नाकर मिश्र ने मुख्यमंत्री जी द्वारा किए गए इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए सभी आउटसोर्सिंग कार्मिकों को बधाई व शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि आज का दिन प्रदेश व जनपद के लाखों आउटसोर्सिंग कर्मियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण व खुशहाली का दिन है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में आउटसोर्स कार्मिकों की सुरक्षा, सम्मान व हितों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि आउटसोर्स कार्मिकों को बेहतर सेवा, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध हो सके। इस व्यवस्था से कार्मिकों के हितों की रक्षा के साथ ही साथ कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही को भी मजबूत किया जाना उद्देश्य है।

विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि आउटसोर्स कार्मिकों के लिए इस नई व्यवस्था के अन्तर्गत अब न्यूनतम वेतनमान/मानदेय 30000 दिए जाने की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही उनके परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीमा तथा किसी भी रोग से ग्रसित परिवार को आर्थिक सुरक्षा एवं अहेतुक सहायता का भी प्राविधान किया गया है। उन्होंने कहा कि  मुख्यमंत्री जी का निचले पायदान के कार्मिकों के लिए यह अनूठी पहल है। उन्होंने सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

 विधायक मझवां ने कहा कि अब तक आउटसोर्स कार्मिकों का नियुक्ति के समय व नियुक्ति के बाद भी एजेंसियों के द्वारा शोषण किया जाता रहा है परन्तु मुख्यमंत्री जी के द्वारा उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के गठन से उन्हें विभिन्न सुविधाएं व व्यवस्थाएं पारदर्शी रूप से मिलेंगी कार्मिकों का अब किसी प्रकार से शोषण नहीं किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री जी द्वारा उठाया गया यह कदम स्वागत व सराहनीय है। उन्होंने कहा कि काफी दिनों से कार्मिकों की मांग थी कि उनका वेतन बढ़ाया जाए तथा उन्हें सुरक्षा व सम्मान भी दिया जाए। मुख्यमंत्री जी द्वारा उनकी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा कदम है।इस अवसर पर चेयरमैन सहकारिता जगदीश सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री जी की इस पहल को सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि नई व्यवस्था के तहत अब आउटसोर्स कार्मिकों को मनमानी तरीके से हटाया नहीं जा सकेगा। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी ने कहा कि नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों में खुशी की लहर है पालिका के सभी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ जी को बधाई दी है।

 अध्यक्ष ने कहा कि सरकार के इस फैसले से उनके जीवन में बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। कर्मचारी अब आर्थिक तंगी से नहीं जूझेंगे और उन्हें उचित वेतनमान मिलेगा तथा विभागों में होने वाले शोषण पर लगाम लगेगी। कर्मचारियों को अब बढ़ा हुआ पीएफ और ई0एस0आई0सी0 का भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी द्वारा अब आउटसोर्स कार्मिकों के लिए नई व्यवस्था के तहत दुर्घटना या आपदा का शिकार होने पर 20 से 50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर, आगजनी की स्थिति में 10 लाख रुपये तक की सहायता, आकस्मिक दवा के लिए 05 लाख रुपये और यदि एयर एम्बुलेंस की आवश्यकता पड़ती है तो उसके लिए 10 लाख रुपये तक का प्रावधान  मुख्यमंत्री जी द्वारा किया गया है।

उन्होंने कहा कि बेटे की शिक्षा के लिए 08 लाख तथा बेटी की शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये की सहायता एवं बेटी की शादी के लिए सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है जो आउटसोर्स कार्मिकों के लिए बड़ा व सराहनीय कदम है। इस फैसले को लेकर मुख्यमंत्री जी को सभी ने कोटि-कोटि धन्यवाद भी ज्ञापित किया। इसके पूर्व मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के द्वारा आए हुए अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत व अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी राजेश तिवारी ने किया।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 धर्मजीत सिंह, उपायुक्त एनआर0एल0एम0 रमाशंकर सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर गोवा लाल सहित अन्य अधिकारी व आउटसोर्स के कार्मिक उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!