News

माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह में संकायाध्यक्षों का हुआ सम्मान

मीरजापुर। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय मीरजापुर में शिक्षक दिवस के अवसर पर गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व, चरित्र एवं भविष्य का निर्माण करने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास और सशक्त समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

शिक्षक दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्षों को उनके शैक्षणिक एवं प्रशासनिक योगदान के लिए कुलपति प्रो. शोभा गौड़ द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शिक्षा संकायाध्यक्ष प्रो. भवभूति मिश्र, समाज विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो.अशोक सिंह, विधि संकायाध्यक्ष प्रो. गौरी शंकर द्विवेदी, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र पाण्डेय, कृषि संकायाध्यक्ष प्रो. सूबेदार यादव तथा वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो.राज मोहन शर्मा शामिल रहे।

कुलपति ने सभी संकायाध्यक्षों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके दायित्वों की सराहना की और कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं अकादमिक विकास में संकायाध्यक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम का सफल संचालन परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद ने किया। उन्होंने शिक्षक दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए सभी को कार्यक्रम में आने के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव अखिलेश कुमार मिश्र सहित सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी संकायाध्यक्षों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षण परंपरा, गुरु-शिष्य संबंध और शिक्षा के महत्व पर बृहद प्रकाश डाला । कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!