News

युवाओं को आर्थिक समृद्ध बनाने की तरफ तेजी से बढ़ रही योगी सरकार; सीएम युवा अभियान के तहत भदोही में 2124 लाभार्थियों को मिला 98.11 करोड़ रुपये का ऋण, 2026-27 में 1700 युवाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य

चालू वित्त वर्ष में 484 लाभार्थियों को 19.84 करोड़ रुपये का लोन

भदोही। युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में योगी सरकार की योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत भदोही जिले में युवाओं को स्वरोजगार और उद्यम स्थापित करने के लिए आसान वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के माध्यम से युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र (डीआईसी) के उपायुक्त दयाशंकर सरोज ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत वर्ष 2025-26 तक जिले में 2124 लाभार्थियों को कुल 98.11 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने और पहले से संचालित उद्यमों को विस्तार देने का अवसर मिला है।

योजना का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को उद्यमिता से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में भदोही में 1700 नए लाभार्थियों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए पात्र युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने और आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। चालू वित्त वर्ष में अब तक 484 लाभार्थियों को 19.84 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है।

उपायुक्त ने बताया कि ‘सीएम युवा’ के जरिए युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार की ओर से वित्तीय सहायता मिलने से युवाओं में उद्यम शुरू करने का आत्मविश्वास बढ़ रहा है। इसका सीधा असर जिले की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। नए उद्यमों के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा होने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिल रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता को प्राथमिकता दे रही है। भदोही जैसे प्रमुख औद्योगिक एवं हस्तशिल्प क्षेत्र में युवा उद्यमियों को आगे बढ़ाने से स्थानीय प्रतिभाओं को अपने जिले में ही अवसर मिल रहे हैं।

दयाशंकर सरोज ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि पात्र युवाओं को योजना का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो। अधिक से अधिक युवाओं को उद्यमिता से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना सरकार की प्राथमिकता है। ‘सीएम युवा’ इस दिशा में युवाओं के लिए आर्थिक मजबूती का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!