आरटीओ वाराणसी ने अभिलेखों एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का लिया जायजा, आवेदकों से किया सीधा संवाद
भदोही। संभागीय परिवहन अधिकारी वाराणसी राघवेन्द्र सिंह द्वारा आज सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय भदोही का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में कैश, विभिन्न पत्रावलियों, अभिलेखों एवं अन्य कार्यालयीन व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। सभी व्यवस्थाएं एवं अभिलेख नियमानुसार और संतोषजनक पाए गए।
आरटीओ वाराणसी ने कार्यालय परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय में उपस्थित आवेदकों से सीधे संवाद कर उनके कार्यों एवं समस्याओं की जानकारी ली गई। आवेदकों ने बताया कि कार्यालय में उनके कार्य सरलता एवं सुगमता से किए जा रहे हैं तथा उन्हें अपने कार्यों के निस्तारण में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो रही है।
निरीक्षण के दौरान आरटीओ वाराणसी ने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा आमजन को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण में एआरटीओ कार्यालय भदोही की कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेख एवं कार्यप्रणाली संतोषजनक पाई गई। इस अवसर पर एआरटीओ राम सिंह एवं विभाग के संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।





