News

*हज-2027 के चयनित यात्रियों की दो चरणों में होगी मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस जांच*

*15 सितम्बर 2026 तक मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र एवं आवश्यक अभिलेख हज कमेटी की वेबसाइट पर करना होगा अपलोड*

भदोही, 07 सितम्बर 2026:–हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 के चयनित हज यात्रियों के मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस के संबंध में सर्कुलर संख्या-10, दिनांक 01 सितम्बर 2026 जारी किया गया है। जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों को दो चरणों में मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस जांच कराना अनिवार्य होगा। प्रथम चरण की जांच हज यात्रा के लिए चयन के उपरांत तथा द्वितीय चरण की जांच उड़ान से पूर्व कराई जाएगी।
जारी निर्देशों के क्रम में प्रथम चरण में चयनित हज यात्रियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार सरकारी चिकित्सा केंद्रों पर मेडिकल जांच करानी होगी। जांच के उपरांत एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सक द्वारा निर्धारित प्रारूप पर मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश के समस्त मुख्य चिकित्साधिकारियों को शासन स्तर से भी आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किए गए हैं।
हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार चयनित हज यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद तथा अन्य आवश्यक प्रपत्र हज कमेटी की वेबसाइट hajcommittee.gov.in पर दिनांक 15 सितम्बर 2026 तक अपलोड करना अनिवार्य होगा। हज यात्रियों को सलाह दी गई है कि मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद प्रमाण पत्र एवं मेडिकल जांच रिपोर्ट की मूल/प्रासंगिक प्रति अपने पास सुरक्षित रखें, ताकि द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के समय इसे प्रस्तुत किया जा सके।
जारी दिशा-निर्देशों में हज यात्रियों को विशेष रूप से सलाह दी गई है कि मेडिकल जांच के दौरान किसी भी प्रकार की बीमारी अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या को न छिपाएं। जांच में अनफिट पाए जाने वाले हज यात्रियों की हज यात्रा निरस्त की जा सकती है तथा नियमानुसार उनकी जमा धनराशि वापस की जाएगी। वहीं, यदि किसी हज यात्री द्वारा जानबूझकर अपनी बीमारी अथवा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी छिपाई जाती है और बाद में जांच के दौरान उन्हें अनफिट पाया जाता है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। ऐसी स्थिति में जमा धनराशि जब्त किए जाने का प्रावधान भी है।
जिला प्रशासन ने हज-2027 के लिए चयनित सभी यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए सरकारी चिकित्सा केंद्र से मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त कर आवश्यक अभिलेख समय से हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर अपलोड करें, जिससे हज यात्रा से संबंधित प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!