0 कहा- दुकान घुरहुपट्टी वार्ड के राजा विजयपुर कोठी मोहल्ले में पुनः वापस लाया
0 पूछा- किस शासनादेश के तहत दुकान हुई ट्रांसफर
0 आरोप: सभी कार्ड ग्राहकों से पिछले महीने ही जमा करा लिया गया, ताकि मजबूरन गजिया जाकर लें गल्ला
मीरजापुर। सभासद पुरपट्टी वार्ड नीरज गुप्ता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर उनके वार्ड की राशन की दुकान नियम विरुद्ध विजयपुर कोठी से गजिया विन्ध्याचल स्थानांतरित होने की वजह से वार्ड की जनता को हो रही समस्या से अवगत कराया है।
पत्रक मे कहा है कि पिछले कुछ दिनों से मेरे वार्ड की जनता द्वारा मुझे बार बार फोन आ रहा है कि हमारे वार्ड की राजा विजयपुर कोठी में स्थित दुकान बिना किसी कारण यहाँ से हटा दी गयी है, जिसकी वजह से कार्डधारक कहाँ से राशन प्राप्त करें। इसके लिए मुझे वार्ड का प्रतिनिधि होने के नाते बार-2 मेरे पास आ रहे थे।
इसको संज्ञान में लेकर मेरे द्वारा पता करने पर जानकारी हुई कि यहां की दुकान यहाँ से लगभग 7 किमी दूर गजिया विन्ध्याचल ट्रांसफर कर दी गयी है। बताया है कि जितने भी कार्ड दुकानदार के यहाँ है, सभी कार्ड ग्राहकों से पिछले महीने ही जमा करा लिया गया, जिससे कार्डधारक कहीं और से राशन न लेकर विवश होकर इतनी दूर राशन लेने जायें।
सभासद ने डीम से पूछा है कि ऐसा कौना सा शासनादेश है जिसमें किसी राशन के कोटे को एक मोहल्ले से 7 किमी दूर ट्रासफर कर दिया जा सके, वह भी बिना किसी पूर्व जानकारी के। किस आधार पर दुकान ट्रांसफर की गयी है. इसकी जानकारी के आदेश की कापी उपलब्ध कराते हुए जनता की समस्या को ध्यान में रखते हुए पुनः दुकान को पूर्व की तरह घुरहुपदरी वार्ड के राजा विजयपुर कोठी मोहल्ले में पुनः वापस लाया जाये, जिससे वार्ड की जनता को इतनी दूर जाना न पड़े। वार्ड की दुकान वार्ड में ही रहे, यही जनता के लिए न्यायोचित होगा।





