News

बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्र रक्षण में खिलाड़ियों ने दिखाए हुनर; कछवा में अंडर-19 क्रिकेट खिलाड़ियों का लगा जमावड़ा

0 जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, 14 इंटर कॉलेजों से पहुंचे 125 खिलाड़ी
कछवा, मीरजापुर। श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज कछवा में शनिवार को जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें नगर क्षेत्र के 14 इंटर कॉलेजों से अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के कुल 125 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सुबह से ही विद्यालय परिसर में क्रिकेट खिलाड़ियों का जमावड़ा लगा रहा।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने की उम्मीद में खिलाड़ियों ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्र रक्षण में खिलाड़ियों ने हुनर दिखाकर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता हेतु प्रत्येक उम्र वर्ग अण्डर 14, अण्डर 17, अण्डर 19 में 16-16 खिलाड़ियों का चयन हुआ।

अंडर-19 क्रिकेट खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया का संचालन श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज कछवा के खेल प्राध्यापक शैलेन्द्र कुमार ने किया। चयनकर्ता के रूप में कमल सिंह, जितेन्द्र सिंह, सतीश कुमार और अमित कुमार मौजूद रहे। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया।

विद्यालय परिसर में सुबह से ही खिलाड़ियों और उनके साथ आए शिक्षकों में उत्साह का माहौल रहा। चयन प्रक्रिया के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!