0 मण्डलायुक्त ने जूम मीटिंग कर मण्डलीय विकास समीक्षा, कानून व्यवस्था एवं विलम्बित परियोजनाओं की समीक्षा कर ससमय पूर्ण करने का दिया निर्दे
0 जिलाधिकारी ने एनएच के कांट्रैक्टर को ब्लैक लिस्टेड करने के दृष्टिगत शासन को भेजा पत्र
0 तीनों जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी अधिकारी जूम माध्यम से अपने जनपदों के प्रगति के बारे में दी जानकारी
मीरजापुर। मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश ने आयुक्त कार्यालय सभागार से जूम माध्यम से पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम एवं तीनों जनपदों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, सहित अन्य सम्बन्धित सभी मण्डलीय अधिकारियों, कार्यदायी विभागों के साथ बैठक कर सीएम डैशबोर्ड विकास कार्य, कानून व्यवस्था एवं विलम्बित परियोजनाएं तथा वन विभाग से आच्छादित विलम्बित परियोजनाओं के प्रगति की जानकारी ली।मण्डलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, एनएच, जल निगम व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद मीरजापुर की सड़कों की स्थिति अत्यंत ही खराब है बारिश का मौसम खत्म हो रहा है अतएव सभी सम्बन्धित कार्यदायी एजेंसियां युद्ध स्तर पर लगकर नगर सहित विन्ध्याचल व नवरात्र में विन्ध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं से सम्बन्धित सड़कों पर कार्य लगाकर प्रत्येक दशा में सही कराएं।
उन्होंने जल निगम नगरीय के अधिशासी अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि अब नवरात्र त्यौहार तक कहीं भी गड्ढा खोदा नहीं जाएगा अब केवल उनके द्वारा गड्ढों को बन्द कर सड़कों के मरम्मत का ही कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनिवार्य रूप से सड़कों की सूरत बदलें अन्यथा नवरात्र मेला के पूर्व सड़कों की मरम्मत न होने पर सम्बन्धित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध निलम्बन की संस्तुति की जाएगी।एनएच की सड़कों की समीक्षा के दौरान बार-बार हिदायत देने के उपरान्त भी भरूहना चौराहे से विन्ध्याचल अष्टभुजा तक सड़कों की मरम्मत नहीं कराया जा रहा है जिस पर जिलाधिकारी मीरजापुर पवन कुमार गंगवार ने मण्डलायुक्त को बताया कि सम्बन्धित कांट्रैक्टर एनएच के अधिकारियों के कंट्रोल के बाहर है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों की मरम्मत में लापरवाही बरतने व अधिकारियों के न सुनने के कारण सम्बन्धित कांट्रैक्टर के विरुद्ध ब्लैक लिस्टेड करने हेतु संस्तुति पत्र सम्बन्धित विभाग को भेजा गया। मण्डलायुक्त ने प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि अपने मुख्यालय से सम्पर्क कर नए कांट्रैक्टर की संस्तुति कराते हुए सड़कों को दुरुस्त कराएं। लोक निर्माण विभाग व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/पंचायत को भी निर्देशित किया कि अपने से सम्बन्धित सड़कों को तत्काल ठीक कराना सुनिश्चित कराएं।मण्डलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों से कहा कि डॉ० अम्बेडकर की मूर्ति एवं पार्क सुन्दरीकरण/स्थापना के दृष्टिगत अपने स्तर से स्थानीय कांट्रैक्टरों का चयन करते हुए नियमानुसार कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि मौके पर कार्य पूर्ण है परन्तु सीएमआईएस पोर्टल पर समय से अपलोड न करने के कारण जनपद/मण्डल की प्रगति खराब हो रही है, हुए कार्योपरान्त कार्य प्रगति को सम्बन्धित पोर्टल पर समय से फीड कराएं।वन भूमि से आच्छादित/विलम्बित परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने सभी कार्यदायी एजेंसियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन भूमि के एवज में वन विभाग को अन्यत्र भूमि उपलब्ध करा दी गई और एनओसी प्राप्त हो गया है वहां पर तत्काल कार्य प्रारम्भ कराते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से ससमय पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
इसी प्रकार अन्य कारणों से विलम्बित परियोजनाओं की समीक्षा में कहा गया कि परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के अन्दर पूर्ण कराएं किसी परियोजना में धन की कमी हो तो अविलम्ब पत्राचार कर धनावंटन कराएं यदि धनावंटन किसी तकनीकी कारण से विलम्ब हो रहा है तो कार्य पूर्णता की तिथि को भी अपने मुख्यालय से बढ़वाना सुनिश्चित करें। विलम्बित परियोजनाओं में बताया गया कि जनपद मीरजापुर में 21, सोनभद्र में 08 व भदोही में 13 परियोजनाएं विभिन्न एजेंसियों की लम्बित हैं। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में पीएम सूर्यघर सोनभद्र, मुख्यमंत्री आवास सोनभद्र, पंचम राज्य वित्त आयोग सोनभद्र एवं एसबीएम फेज-2 भदोही, जननी सुरक्षा योजना मीरजापुर, प्रोजेक्ट अलंकार भदोही में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में मण्डलायुक्त व उप पुलिस महानिरीक्षक ने तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षक से कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उप पुलिस महानिरीक्षक ने निर्देशित करते हुए कहा कि कतिपय स्थानों पर एवं विशेषकर रात्रि के समय चील्ह चौराहा व सोनभद्र मार्ग पर ट्रकों के काफी जाम की स्थिति रहती है।
उन्होंने कहा कि इस पर विशेष कार्य योजना बनाकर कार्यवाही की जाए। उन्होंने मिशन शक्ति के कार्यक्रमों में सभी सम्बन्धित विभाग के नामित अधिकारियों की उपस्थिति पर बल दिया तथा दशहरा व अन्य त्यौहारों पर विसर्जित होने वाली प्रतिमाओं के दृष्टिगत विसर्जन स्थल का पहले से चिन्हांकन कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि जनपद भदोही से आने वाली ट्रकों/ऐसे भारी वाहन जिन्हें सोनभद्र या अन्य स्थलों पर जाना हो उन्हें गोपीगंज और औराई से मीरजापुर न भेजकर हाईवे नारायणपुर होते हुए सोनभद्र या अन्य स्थलों पर भेजा जाए।
इसी प्रकार सोनभद्र से प्रयागराज की तरफ जाने वाले वाहनों को हाईवे से ही भेजा जाए तो नगर में जाम की स्थिति में काफी सुधार लाया जा सकता है जिस पर मण्डलायुक्त ने कहा कि सभी भारी वाहनों/ट्रकों को जिन्हें मीरजापुर के अलावा अन्य स्थलों पर जाना हो उन्हें हाईवे से डायवर्ट किया जाए।
मण्डलायुक्त ने कहा कि त्यौहारों के दृष्टिगत सभी थानों पर पीस कमेटी की बैठक कर लें तत्पश्चात जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक भी आहूत कर ली जाए। बैठक में जो भी समस्याएं निकलकर आएं उनका उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी मौके पर मुआयना करते हुए समय से पूर्व समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें ताकि शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार सम्पन्न हो सकें।
बैठक में गम्भीर अपराधों में कार्ययोजना बनाकर पुराने केसों का निस्तारण कराने, गवाहों की उपस्थिति व उनके बयान दर्ज कराने पर बल दिया गया। बैठक में एनडीपीएस अपराध, एससीएसटी, गिरोह बंद अपराध, गुण्डा एक्ट, गैंगेस्टर, लम्बित विवेचनाओं, महिला अपराध आदि की बिन्दुवार समीक्षा की गई।
बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन राज कुमार द्विवेदी, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र, एवं जूम द्वारा जिलाधिकारी मीरजापुर पवन कुमार गंगवार, भदोही शैलेष कुमार, सोनभद्र चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक भदोही, मुख्य विकास अधिकारी मीरजापुर, मुख्य विकास अधिकारी सोनभद्र, मुख्य विकास अधिकारी भदोही उपस्थित रहे।





