News

अपने भीतर के आनंद को पहचानें, जीवन को विशेष बनाएं: प्रेम रावत
0 फूल की तरह जीवन को सुंदर बनाएं, असली आनंद को पहचानें: प्रेम रावत
0 126वीं हंस जयंती पर प्रेम रावत जी का संदेश विशेषताः अपने भीतर के आनंद की पहचान जीवन की वास्तविक
0 शांति और आनंद का महोत्सव: 126वीं हंस जयंती
नई दिल्ली। राज विद्या केंद्र दिल्ली में 7 और 8 नवंबर को हंस जी महाराज की 126वीं जयंती के उपलक्ष्य में दो दिवसीय विशेष ‘हंस जयंती’ समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह समारोह हंस जी महाराज के जीवन व उनके द्वारा शांति संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उनके आजीवन प्रयासों को समर्पित रहा।
हंस जी महाराज, प्रेम रावत जी के पिता एवं उनके आदरणीय गुरु भी थे। उनका जन्म वर्ष 1900 में उत्तराखंड में हुआ था। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन इस सरल लेकिन गहन संदेश के प्रचार-प्रसार में समर्पित किया कि “शांति हर मनुष्य के भीतर ही निहित है।”

वर्ष 1936 से उन्होंने लोगों तक शांति का संदेश पहुँचाना प्रारंभ किया। उस समय परिस्थितियाँ अत्यंत कठिन थीं। भीषण गर्मी, दुर्गम रास्तों और अनेक चुनौतियों के बावजूद वे जनकल्याण के उद्देश्य से निरंतर यात्रा करते रहे। ऐसे क्षेत्रों में भी वे पहुँचते थे, जहाँ गर्मी इतनी अधिक होती थी कि सड़कों पर वाहनों के पहिए तक जमीन में धँस जाते थे। उनका उद्देश्य लोगों को जीवन की उस आंतरिक शांति और आनंद से परिचित कराना था, जो प्रत्येक मनुष्य के भीतर विद्यमान है।

वर्ष 1966 में श्री हंस जी महाराज के भौतिक शरीर का अवसान हुआ, लेकिन उनका शांति संदेश प्रेम रावत जी के माध्यम से आज भी विश्वभर में प्रसारित हो रहा है। प्रेम रावत जी ने मात्र आठ वर्ष की आयु से ही इस संदेश को लोगों तक पहुँचाना प्रारंभ किया। उनका संदेश अत्यंत सरल है- जिस शांति की तलाश मनुष्य बाहर करता है, वह उसके भीतर ही विद्यमान है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रेम रावत जी ने फूल का उदाहरण देते हुए जीवन की विशेषता को एक सुंदर दृष्टिकोण से समझाया। उन्होंने कहा कि किसी फूल की विशेषता केवल इसलिए नहीं है कि उसे कहीं अर्पित किया जाता है। फूल की वास्तविक सुंदरता उसके अस्तित्व में है। वह अपनी महक फैलाता है और किसी ऐसे व्यक्ति के चेहरे पर भी मुस्कान ला सकता है, जो जीवन की परेशानियों से घिरा हुआ हो। कभी-कभी एक फूल को देखकर व्यक्ति कुछ क्षणों के लिए अपनी चिंताओं को भूल जाता है। यही उस फूल की विशेषता है।

इसी उदाहरण के माध्यम से उन्होंने मनुष्य को भी अपने जीवन की वास्तविक विशेषता पहचानने के लिए प्रेरित किया। मनुष्य का महत्व केवल उसकी सामाजिक पहचान या उपलब्धियों में नहीं, बल्कि उस आनंद को जानने में है, जिसे वह अपने जीवन में अनुभव कर सकता है और दूसरों तक पहुंचा सकता है।

प्रेम रावत जी ने कहा कि जीवन में अनेक ऐसी चीजें हैं, जिन्हें हम अपनी विशेषता मान लेते हैं। परिवार, धन, प्रतिष्ठा और सामाजिक पहचान जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन ये सभी स्थायी नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि जीवन को विशेष बनाने का अवसर वर्तमान में है। जब तक मनुष्य जीवित है, उसके पास अपने भीतर आनंद का अनुभव करने का अवसर है।

उन्होंने यह भी समझाया कि जीवन में जो कुछ हम करते हैं, उसके पीछे के कारणों को समझना आवश्यक है। केवल इसलिए किसी कार्य को करते रहना कि हम वर्षों से ऐसा करते आए हैं, पर्याप्त नहीं है। व्यक्ति को अपनी जीवनशैली, विचारों और व्यवहार के प्रति जागरूक होना चाहिए।

हंस जी महाराज के शांति संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के प्रयासों को प्रेम रावत जी ने निरंतर आगे बढ़ाया है। उनके प्रयासों के माध्यम से आज यह संदेश दुनिया के 100 से अधिक देशों में लोगों तक पहुँच रहा है। उनके द्वारा आयोजित विभिन्न जन कल्याण कार्यों जैसे कि ‘फूड फॉर पीपल’, नेत्र चिकित्सा व आपदा राहत कार्यों से अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए हैं।

उनके द्वारा संचालित ‘पीस एजुकेशन प्रोग्राम’ (Peace Education Program – PEP) भारत सहित दुनिया के अनेक देशों में लोगों को लाभान्वित कर रहा है। अब तक सात लाख से अधिक लोग इस कार्यक्रम से जुड़ चुके हैं। यह कार्यक्रम विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, समुदायों और जेलों में भी संचालित किया जा रहा है, जहाँ प्रतिभागियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।

इस वर्ष आयोजित समारोह का विशेष महत्व था, क्योंकि श्री हंस जी महाराज की 126वीं जयंती और दिवाली पर्व एक ही दिन मनाया गया तथा इस वर्ष प्रेम रावत जी के शांति प्रयासों को ६० साल पूरे हुए। इस महोत्सव को लोगों ने बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया।

इस अवसर पर राज विद्या केंद्र में एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें श्री हंस जी महाराज के जीवन, उनकी शिक्षाओं और शांति के संदेश को प्रसारित करने के उनके प्रयासों को दर्शाया गया।

कार्यक्रम में संगीत की प्रस्तुतियों ने उत्सव के वातावरण को और भी आनंदमय बना दिया। प्रेरणा और उल्लास से परिपूर्ण इन विशेष कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। इसके अतिरिक्त, देश-विदेश के अनेक लोगों ने टाइमलेस टुडे ऐप और वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन प्रसारण का आनंद लिया।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!