राष्ट्र की योजनाओं के निर्माण के लिए जनगणना महत्वपूर्ण -जिलाधिकारी
जनगणना कार्य में शुद्धता लाने के दृष्टिगत 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक अधिक से अधिक लोग करें ऑनलाइन स्व-गणना
जिलाधिकारी ने विभिन्न कॉलेजों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर जनगणना प्रक्रिया के बारे में दी जानकारी
मीरजापुर 13 नवम्बर 2026- जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि राष्ट्र के निर्माण और विकास की योजनाओं के निर्धारण का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही केंद्र और राज्य सरकार जन कल्याणकारी योजनाएं बनाती हैं, बजट का आवंटन करती हैं और विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करती हैं। इसलिए जनगणना कार्य को अत्यंत गंभीरता, शुद्धता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराना हम सभी का कर्तव्य है।
जिलाधिकारी ने यह बात आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों और हाईस्कूलों के प्रधानाध्यापकों, प्राचार्यों और नोडल शिक्षकों के साथ आयोजित बैठक में कही। बैठक में आगामी जनगणना कार्य की तैयारियों, ऑनलाइन स्व-गणना और जनजागरूकता अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार जनगणना कार्य में पहली बार नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है। दिनांक 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक नागरिक स्वयं घर बैठे मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। इससे जनगणना कार्य में शुद्धता आएगी, समय की बचत होगी और नागरिकों को गणनाकर्मी का इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने प्रधानाध्यापकों से अपील की कि वे अपने-अपने विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के माध्यम से उनके अभिभावकों को ऑनलाइन स्व-गणना के प्रति जागरूक करें। विद्यालयों में जनगणना के महत्व के बारे में जानकारी दी जाए ताकि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना में कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना में दी गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। इसका उपयोग केवल योजनाओं के निर्माण और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। किसी भी नागरिक की व्यक्तिगत जानकारी का दुरुपयोग नहीं होगा, और यह गणना किसी व्यक्तिगत लाभ व हानि के उपयोग में नहीं आ सकेगा। इसलिए लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निर्भीक होकर सही जानकारी भरें ताकि देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं तेयार कर राष्ट्र को विकास के पथ पर ले जाया जा सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह ने जनगणना के द्वितीय चरण के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के बाद गणनाकर्मी घर-घर जाकर शेष परिवारों की गणना करेंगे। जनगणना में मकान सूची, परिवार के सदस्यों की संख्या, आयु, शिक्षा, व्यवसाय, आवासीय सुविधाएं सहित कुल 40 बिन्दुओं पर महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के सबसे जागरूक और सम्मानित वर्ग हैं। जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि शिक्षक स्वयं आगे आकर इस अभियान में सहयोग करेंगे, तो जनगणना कार्य शत-प्रतिशत शुद्ध और समय पर पूर्ण होगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।


