News

मां विंध्यवासिनी दीपदान महोत्सव में भक्ति रसधार; अक्षरा सिंह और नंदू मिश्रा ने बांधा समां, दीपों की रोशनी से नहाया विंध्यधाम, मां के भव्य श्रृंगार के बाद सजी देवी जागरण की महफिल

0 रंगोली, स्वस्तिक यंत्र और झालरों की सजावट बनी आकर्षण, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार रहे मुख्य अतिथि
मीरजापुर। विंध्यधाम में 20 नवंबर को मां विंध्यवासिनी दीपदान महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मां विंध्यवासिनी का भव्य श्रृंगार किया गया तथा विशाल देवी जागरण का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर दीपों की रोशनी, झालरों की चकाचौंध और भक्ति संगीत से सराबोर रहा। मां के दर्शन, दीपदान और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर पुण्य प्राप्त किया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं अध्यक्षता आसनसोल से विनोद कुमार मुरारका ने की।

दीपों की टिमटिमाती रोशनी से मंदिर परिसर अलौकिक छटा बिखेर रहा था। मन्दिर परिसर में जगह जगह मनमोहक रंगोलियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। स्वस्तिक यंत्र की विशेष रंगोली और केले के तने पर प्रज्ज्वलित दीपों की सुंदर सजावट ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। वहीं विंध्य कॉरिडोर परिसर झालरों की रोशनी से जगमगा उठा। पूरा मंदिर परिसर दिव्य और अलौकिक आभा से नहा उठा, जिसकी सुंदरता देखते ही बन रही थी। दीपों से सजे मंदिर के कोने-कोने और टिमटिमाती रोशनी ने महोत्सव को अद्भुत आध्यात्मिक छटा प्रदान की।

देवी जागरण में भजन सम्राट नंदू मिश्रा और अमलेश शुक्ला ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। नंदू मिश्रा ने ‘मोरी रखियो लाज गुरुदेव गणेश वंदना से प्रारंभ किया’, ‘आज हम आये हैं मैय्या जी तुझे मनाने’, ‘मैय्या तेरे ही सहारे मेरा परिवार है’ और ‘मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है’ जब से शेरावाली से लगाव हो गया, दूर जिंदगी से सारा अभाव हो गया’, जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति संगीत की स्वर लहरियों के बीच भक्त देर तक मां की आराधना में लीन रहे और भजनों पर खूब श्रद्धा व उत्साह दिखाया।

भोजपुरी सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं गायिका अक्षरा सिंह ने अपनी ‘जय गिरि नंदिनी’ स्तुति, ‘तेरे सिवा नहीं कोई सहारा’ तथा ‘निमिया की डार लागेलू झुलुवा’ जैसे गीतों से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अक्षरा सिंह की प्रस्तुति ने देवी जागरण में चार चांद लगा दिए।

आयोजन को सफल बनाने में संयोजक पं. राजन पाठक, पं. रघुवर दयाल उपाध्याय एवं मां विंध्यवासिनी प्रधान पुजारी श्रृंगारिया पं. राघवेंद्र उपाध्याय की भूमिका रही। मुख्य आयोजक एवं व्यवस्थापक मां विंध्यवासिनी के प्रधान पुजारी श्रृंगारिया पंडित शेखर सरन उपाध्याय रहे। कार्यक्रम का संचालन जय चौरसिया ने किया, जबकि जागरण प्रबंधक पंकज अग्रहरि रहे। आयोजन में संजय कुमार मुरारका, संजय कुमार पांडेय, सुनीता पांडेय, श्याम बजाज वाराणसी, संतोष सिंह जौनपुर, प्रेम शंकर पांडेय (सोना गुरु) दिल्ली एवं सुनीता सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहें।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!