0 सड़क से गंगा घाटों और मंदिर की सीढ़ियों तक दिखा भक्तों का रेला
0 पुलिस प्रशासन व श्री विंध्य पंडा समाज ने संभाली व्यवस्था
फोटोसहित
मीरजापुर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि सड़क से लेकर गंगा घाटों, मंदिर की सीढ़ियों और विंध्य कॉरिडोर परिसर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दी। मां के दर्शन-पूजन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लगभग चार लाख श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाई। पूरे धाम में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। वाहन स्टैंड, गेस्ट हाउस, अतिथि भवनों से लेकर प्रसाद की दुकानों और चाय-नाश्ते की दुकानों तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ मां के दर्शन के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और श्री विंध्य पंडा समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने व्यवस्था की कमान संभाली। गंगा घाटों पर स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। वहीं, मेले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी लगातार भ्रमण करते रहे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और एंटी रोमियो अभियान के दृष्टिगत महिला पुलिसकर्मियों की भी सादे कपड़ों में तैनाती की गई थी।
श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी के नेतृत्व में मंदिर परिसर में पदाधिकारी एवं सदस्य श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक दर्शन-पूजन कराने में जुटे रहे। वहीं धाम सुरक्षा प्रभारी उदय प्रताप सिंह मंदिर परिसर के चारों तरफ लगातार पैनी नजर बनाए रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए झांकी के समीप, सीढ़ियों, कॉरिडोर के पिलरों और दानपात्रों के आसपास जलाए जा रहे दीपकों को हटवाया गया, ताकि आगजनी अथवा किसी अन्य अप्रिय घटना की आशंका न रहे। वह जगह-जगह जल रहे दीपकों को हवन कुंड तक पहुंचवाने में लगे रहे।
इसके साथ ही झांकी दर्शन की व्यवस्था को भी नियंत्रित रखा, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा के साथ दर्शन मिल सके और भीड़ का दबाव न बढ़े।
वहीं एसपी सिटी योगेंद्र सिंह ने भी मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गंगाघाटों पर नौका संचालन को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से बचने के लिए नौका संचालन बंद कराया गया। नगर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण, विंध्य कॉरिडोर परिसर और आसपास की गलियों में भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली पर एसपी ने मां विन्ध्यधाम में श्रद्धालुओं के लिए बनाई सुदृढ़ व्यवस्था
मीरजापुर।
मंगलवार, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर मां विन्ध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन हेतु आये श्रद्धालुजन की भारी भीड़ के मद्देनजर अपर्णा रजत कौशिक पुलिस अधीक्षक द्वारा विन्ध्य धाम क्षेत्र का भ्रमण/निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं विभिन्न प्रमुख मार्गों/स्थलों पर पुलिस प्रबंध का जायजा लिया गया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने, भीड़ को सुव्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि विन्ध्यधाम में दर्शन पूजन करने आये किसी भी श्रद्धालुजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।





