कुलपति नै की परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा
0 नोडल केद्रों को समय से परीक्षा सामग्री उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
मीरजापुर। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय मीरजापुर में शुक्रवार, 27 नवंबर को कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय एवं विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों में संचालित परीक्षाओं की समीक्षा हेतु आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की सुचारु व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध संसाधनों एवं आगामी परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
कुलपति ने परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद्र को निर्देशित किया कि विश्वविद्यालय के सभी परीक्षा केंद्रों को स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया जाए कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए। साथ ही नोडल केंद्रों को निर्देश दिया गया कि उत्तर पुस्तिकाएँ समाप्त होने से कम से कम दो दिन पूर्व विश्वविद्यालय को अनिवार्य रूप से सूचित करें, ताकि समय रहते संबंधित केंद्रों को उत्तर पुस्तिकाएँ उपलब्ध कराई जा सकें और परीक्षा कार्य प्रभावित न हो।
बैठक में बीएड, बीपीएड, एमएड, कृषि विज्ञान तथा एलएलबी की परीक्षाओं के संबंध में भी विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। कुलपति ने इन पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए परीक्षा तिथियाँ शीघ्र घोषित करने के निर्देश दिए, जिससे इन विषयों की परीक्षाएं भी समय से प्रारंभ कराई जा सकें।
समीक्षा बैठक में परीक्षा नियंत्रक हरीश चन्द्र, परीक्षा समन्वयक प्रो. देवेंद्र पाण्डेय एवं सहायक कुलसचिव आलोक कुमार उपस्थित रहे।





