News

तैयार है रेलवे ओवरब्रिज, फिर भी जाम के झाम से जूझ रही जनता
0 2024 में शुरू हुआ निर्माण, सितंबर 2026 में पूरा होने के बाद भी नहीं मिल रहा आवागमन का लाभ
फोटौसहित
कछवा, मीरजापुर। कछवा रोड रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए बनाए गए रेलवे ओवरब्रिज के तैयार होने के बावजूद आम जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वर्ष 2024 में शुरू हुआ ओवरब्रिज निर्माण कार्य सितंबर 2026 में पूरा हो गया, लेकिन अब तक पुल पर आवागमन शुरू नहीं होने से लोगों को रेलवे क्रासिंग पर ही घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे क्रासिंग बंद होने के दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ओवरब्रिज बनकर तैयार होने के बाद भी जनता को राहत नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के दौरान भी आम जनता को सुगम रास्ता उपलब्ध नहीं कराया गया। लगभग डेढ़ वर्ष तक लोगों को गांवों के चकरोडों और तंग गलियों से होकर आवागमन करना पड़ा। निर्माण के दौरान लोगों ने तमाम कठिनाइयां झेलीं और उम्मीद लगाई कि पुल तैयार होते ही रेलवे क्रासिंग के जाम से मुक्ति मिल जाएगी, लेकिन अब तैयार पुल के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
यह रेलवे क्रासिंग जिस सड़क पर स्थित है, वह स्टेट हाईवे है। यह मार्ग चुनार से कछवा रोड, कपसेठी होते हुए बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक पहुंचता है। साथ ही यह सड़क जीटी रोड को भी जोड़ती है। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के जाम का असर स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ता है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने संबंधित विभागों एवं प्रशासन से मांग की है कि तैयार रेलवे ओवरब्रिज को जल्द से जल्द आवागमन के लिए खोला जाए। मांग करने वालों में अरुण सिंह, शिवशंकर सिंह, दयाशंकर मिश्र, देवेंद्र मिश्र, राजेन्द्र मिश्रा, गुलाब पाल, रामजी पाठक, भोले पाण्डेय, धन्नू सरोज, संजय दूबे आदि।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!