पूर्व सांसद की गाडी पर पत्थर से हमला, शीशा फूटने से बेटे की आयी चोटें
मीरजापुर।
पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं सपा नेता रमेश चंद बिंद की गाड़ी पर कटरा कोतवाली के शीतला मंदिर के पास गुरुवार की रात ईंट से हमला का मामला दर्ज किया गया है। ईंट लगने से गाड़ी का शीशा टूट गया। शीशे के टुकड़े लगने से बगल में बैठे उनके बेटे के सिर, नाक और कान में चोट आई, जिसके बाद पूर्व सांसद घायल बेटे को लेकर अस्पताल पहुंचे और उपचार कराया। पूर्व सांसद के अनुसार रात लगभग दस बजे वह अपने बेटे को पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल ले गए थे। उपचार कराने के बाद घर लौटते समय शीतला मंदिर के पास उनकी गाड़ी रुकी। इस दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और नमस्कार करने के बाद मंदिर की ओर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह ईंट लेकर लौटा और उनकी गाड़ी पर प्रहार कर दिया। इससे गाड़ी का शीशा टूट गया और उसके टुकड़े बेटे को लग गए। घटना के बाद पूर्व सांसद ने मामले की शिकायत कटरा कोतवाली में की, जिस पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। एएसपी सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली कटरा पर रमेशचन्द्र पुत्र रामचन्दर निवासी इटवा थाना कोतवाली देहात की तहरीर पर प्रकरण में थाना को0कटरा पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही अभियुक्त हिमांशु गुप्ता पुत्र शम्भूनाथ गुप्ता निवासी जंगीरोड़ थाना कोतवाली कटरा को हिरासत में लिया गय, जो शराब के नशे में प्रतीत हो रहा था। उसे मेडिकल हेतु भिजवाया गया तथा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।





