मीरजापुर। जिले के पड़री थाना क्षेत्र के आमघाट नदी पर करोड़ों की लागत से बने पुल के एप्रोच मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कड़ा रुख अपनाया है।
उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि आमघाट ओवरब्रिज का एप्रोच मार्ग दो दिन की बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हो गया। ऐसे मे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
जिसका संज्ञान लेते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के सहायक निजी सचिव अवध नरेश सिंह ने गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को मीरजापुर जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। पत्र संख्या सं0-123/APS/MZP/26 में आमघाट ओवरब्रिज निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में कहा गया है कि निर्माण कार्य में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने को कहा है। अनुप्रिया पटेल ने जिलाधिकारी से मामले में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करते हुए पूरे प्रकरण की वस्तुस्थिति से अवगत कराने का अनुरोध किया है। इससे जांच की प्रगति और कार्रवाई की जानकारी उन्हें मिल सकेगी।
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद अब प्रशासनिक जांच की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि ओवरब्रिज के एप्रोच मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के पीछे तकनीकी कारण हैं या निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही हुई है। बात चाहे जो भी हो निर्माण कार्य की गुणवत्ता का पलीता तो लगाया ही गया है।





