मीरजापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रैदानी कॉलोनी में गंगा नदी से करीब 200 मीटर के दायरे में मीरजापुर-विंध्याचल विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण से बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही की है।
नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार के निर्देश पर टीम ने कार्यवाही करते हुए कॉलोनी में बने आठ मकानों को सील कर दिया। नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने बताया कि बिना नक्शा पास कराए किए गए अवैध निर्माण के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के बाद आठ मकानों को सील किया गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अन्य निर्माणों की भी जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी निर्माण नियमों के विपरीत या बिना स्वीकृत मानचित्र के पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्यवाही से रैदानी कॉलोनी में अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विकास प्राधिकारण के एई इंजीनियर लक्ष्मण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।





