Uncategorized

कान्हा की मुस्कान में सजा मीरजापुर, राधा-कृष्ण के रूप में खिले नन्हे कलाकार
0 200 बच्चों ने धारण किया श्रीकृष्ण और राधारानी का मनोहारी स्वरूप
0 राजश्री सभागार में गूंजा भक्ति और उल्लास का स्वर
फोटोसहित
मीरजापुर।
भगवान श्रीकृष्ण केवल भारतीय आस्था के आराध्य ही नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, धर्म, लोकमंगल और जीवन में आनंद के शाश्वत संदेशवाहक हैं। उनकी बाल लीलाओं में जहां वात्सल्य का माधुर्य है, वहीं उनके व्यक्तित्व में कर्म, धर्म और लोककल्याण की महान प्रेरणा निहित है। इसी कृष्णभाव को नन्हे-मुन्ने बच्चों के मन में संस्कारित करने और भारतीय संस्कृति की सुंदर परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से संस्कार भारती एवं रोटरेक्ट क्लब मिर्जापुर के संयुक्त तत्वावधान में श्रीकृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रविवार, 6 सितंबर 2026 को राजश्री सभागार में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री श्याम सुंदर केसरी जी, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद मिर्जापुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव जी, अध्यक्ष, संस्कार भारती मिर्जापुर इकाई की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रतियोगिता में लगभग 250 नन्हे प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के मनोहारी स्वरूप धारण कर सभागार को मानो ब्रजधाम में परिवर्तित कर दिया। किसी के अधरों पर बांसुरी की मधुरता थी, तो किसी के सिर पर मोरपंख सजा था। नन्हे कान्हाओं की चंचल मुस्कान और राधारानी के मोहक रूप ने उपस्थित अभिभावकों एवं दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बच्चों की मासूम अदाओं में वृंदावन की गलियों, यमुना तट और कृष्ण की बाल लीलाओं की मनोहारी झलक दिखाई दी।

प्रतियोगिता में लल्ला वर्ग के निर्णायक की भूमिका श्रीमती प्रियंका जैन एवं श्रीमती वीना खंडेलवाल जी ने निभाई, जबकि कान्हा/राधारानी वर्ग में सुश्री नंदनी मिश्रा एवं श्रीमती रंजना जायसवाल जी निर्णायक रहीं।

कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती प्रिया जैन एवं सोनम सोनी ने किया। उनकी प्रभावी प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा। सभागार में उपस्थित सैकड़ों अभिभावकों एवं नगरवासियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और इस सांस्कृतिक आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक द्वय श्री संदीप जैन एवं श्री आशुतोष सोनी ने पूरे मनोयोग, तन्मयता और ऊर्जा के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर रोटरेक्ट क्लब मिर्जापुर के अध्यक्ष अपूर्व कसेरा, उपाध्यक्ष श्रीजा सोनी, सचिव रजत गुप्ता, संस्कार भारती मिर्जापुर इकाई के उपाध्यक्ष सोमेश्वर पति त्रिपाठी, सोफिया शैला श्रीवास्तव एवं महामंत्री शिवराम शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!