News

बीएचयू के डीडीयू कौशल केंद्र में 7 से 10 सितंबर तक आयोजित होगा वोकेशनल लिट फेस्ट 2026

मीरजापुर।

दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र, राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, कला संकाय द्वारा “वोकेशनल लिट फेस्ट 2026” का आयोजन 7 से 10 सितंबर, 2026 तक केंद्रीयकृत प्रयोगशाला परिसर, आरजीएससी, बरकछा, मिर्जापुर में किया जा रहा है।

चार दिवसीय यह महोत्सव साहित्य, रचनात्मकता, व्यावसायिक कौशल, उद्यमिता एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को समर्पित है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सीखने, सृजन करने, अभिव्यक्त करने और प्रेरित होने के लिए एक जीवंत एवं रचनात्मक मंच प्रदान करना है।

लिट फेस्ट 2026 में डीडीयू कौशल केंद्र, आरजीएससी, बीएचयू के सभी छह पाठ्यक्रमों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की सहभागिता है। इनमें फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट, रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट तथा फैशन टेक्नोलॉजी एंड अपैरल डिजाइन शामिल हैं।

लिट फेस्ट 2026 का उद्घाटन समारोह न्यू एलटी, आरजीएससी, बीएचयू में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री राजन श्रीवास्तव, कुलसचिव, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सुश्री पारुल गुप्ता, डीआईजी, एससीआरबी, ओडिशा, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर प्रोफेसर बी. एम. एन. कुमार, आचार्य प्रभारी, आरजीएससी, तथा डॉ. आर. एस. मिश्रा, समन्वयक, दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र, आरजीएससी उपस्थित रहे।

अतिथियों द्वारा महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर लिट फेस्ट 2026 का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात महामना को पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा बीएचयू कुलगीत प्रस्तुत किया गया।

महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक, साहित्यिक, रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं उद्यमिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम दिवस पर कविता लेखन एवं पाठ, लघुकथा लेखन, वाद-विवाद, एक्सटेम्पोर, क्विज, ओपन माइक एवं स्पोकन वर्ड जैसी प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां आयोजित की गई।

दूसरे दिन विद्यार्थियों के लिए विभागीय कौशल प्रदर्शन, क्रिएटिव विज्ञापन प्रतियोगिता एवं बिजनेस आइडिया पिच का आयोजन होगा। तीसरे दिन उद्यमिता मेला, फूड स्ट्रीट, उत्पाद प्रदर्शनी, ट्रेजर हंट एवं सांस्कृतिक प्रतिभा मंच प्रमुख आकर्षण होंगे।

महोत्सव के चौथे एवं अंतिम दिन नुक्कड़ नाटक, प्रतिभागियों की प्रतिक्रिया एवं समापन चिंतन, इसके पश्चात समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

यह महोत्सव व्यावसायिक शिक्षा को साहित्य, विचार, संस्कृति एवं उद्यमिता की शक्ति से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास, प्रतिभा एवं व्यावहारिक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम की आयोजन समिति से ओवर ओल प्रभारी स्किल कॉम्पिटिशन डॉ. राघवेंद्र रमन मिश्रा, श्री विवेक मिश्रा — स्टूडेंट एंटरप्रेन्योरशिप फेयर, डॉ. इरफान अहमद अंसारी — एक्सटेम्पोर (तत्काल भाषण), डॉ. प्रिया सिंह — कविता लेखन/पाठ, डॉ. श्रुति सिंह — बिज़नेस आइडिया पिच, डॉ. प्रज्ञा मिश्रा — ओपन माइक, डॉ. किशोर कुमार — क्विज़ प्रतियोगिता, डॉ. सना फात्मा — वाद-विवाद प्रतियोगिता, डॉ. वेद जायसवाल — कविता लेखन/पाठ, डॉ. रश्मि चौरसिया — लघु कथा लेखन, डॉ. मोहम्मद इरफान — ओपन माइक, डॉ. कमलेश मौर्य — लघु कथा लेखन, डॉ. राजेश्वर तिवारी — वाद-विवाद प्रतियोगिता, डॉ. सुषमा सिंह — एक्सटेम्पोर (तत्काल भाषण), डॉ. अभिषेक मौर्य — टैलेंट एरिना, श्री अमित कुमार विक्रम- तत्काल भाषण, सुश्री अर्पिता वीर चौरसिया — ट्रेज़र हंट, श्री शिवम पांडे — क्विज़ प्रतियोगिता, श्री गौरव सिंह — क्रिएटिव विज्ञापन, सुश्री शैलजा नागरिया — टैलेंट एरिना एवं सभी शिक्षकों ने उत्साह व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है, ताकि यह आयोजन यादगार बन सके। उद्घाटन समारोह में आरजीएससी-बीएचयू के शिक्षकगण, अधिकारीगण तथा शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे। शुभारम्भ कार्यक्रम में डॉ. कुलदीप बौद्ध, छात्र सलाहकार, आरजीएससी, द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

 

 

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!