कौशांबी। यूपी के कौशाम्बी जिले से एक बेहद दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित महिला थाना परिसर में तैनात एक महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई. मंगलवार सुबह हुई इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. मृतका की पहचान 2025 बैच की महिला आरक्षी प्रियंका यादव के रूप में की गई है, जो मूल रूप से गाजीपुर जिले की रहने वाली थीं और कौशाम्बी महिला थाने में अपनी सेवाएं दे रही थीं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे प्रियंका यादव महिला थाना परिसर में पहरा ड्यूटी संभाल रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी सरकारी बंदूक से गोली चल गई, जो उनके गले को चीरते हुए सीधे सिर में जा धंसी और वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं। गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही थाना परिसर में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए और वे तुरंत भागकर मौके पर पहुंचे। घायल हालत में प्रियंका को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारियों में खलबली मच गई और वे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ प्रजापत, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह और क्षेत्राधिकारी मंझनपुर समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ प्रजापत के अनुसार, शुरुआती तौर पर पुलिस को यह जानकारी मिली है कि घटना से पहले महिला सिपाही संभवतः पार्टी दे रही थीं, तभी अचानक उनकी बंदूक से गोली चल गई। हालांकि, यह गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसकी स्पष्ट तस्वीर फॉरेंसिक टीम की जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के मिलने के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।





