हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा इसके संरक्षण संवर्धन में दें योगदान
फोटोसहित
चुनार, मीरजापुर। विन्ध्य गुरुकुल कालेज गोसाईंपुर मे सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं जागरूकता उत्पन्न करना तथा हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ उपप्राचार्य डाँ आशीष मिश्र द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
उन्होने ने अपने संबोधन मे हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा इसके संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों ने हिंदी भाषा के इतिहास, विकास, साहित्यिक महत्व तथा वर्तमान समय में हिंदी की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों द्वारा हिंदी कविता-पाठ, भाषण, निबंध लेखन एवं हिंदी भाषा से संबंधित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता में बी०एफ०ए० के छात्रों ने प्रथम स्थान अनिस, द्वितीय स्थान राजू, तृतीय स्थान शहाबुद्दीन ने प्राप्त किया। तथा काव्य पाठ में खुशी यादव बी०फार्मा० तृतीय सेमेस्टर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हिंदी के प्रति अपने विचार एवं भावनाएँ व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी के प्रसिद्ध साहित्यकारों एवं रचनाकारों के योगदान को भी याद किया गया। वक्ताओं ने बताया कि हिंदी आज देश के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाली प्रमुख भाषाओं मेसे एक है और आधुनिक तकनीक तथा डिजिटल माध्यमों में भी हिंदी का प्रयोग निरंतर बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को हिंदी भाषा को दैनिक जीवन, शिक्षण एवं सामाजिक संवाद में अधिकाधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के समस्त छात्र छात्राए मौजूद रहे।
आकाशीय बिजली का कहर, तीन ट्रांसफार्मर जले
0 सैकड़ों घरों में पसरा अंधेरा, बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण बेहाल
फोटोसहित
अहरौरा,मीरजापुर। रविवार को अहरौरा विद्युत सब स्टेशन से जुड़े इलाकों में आकाशीय बिजली ने जमकर कहर बरपाया। बिजली गिरने से अलग-अलग स्थानों पर लगे तीन ट्रांसफार्मर धू-धूकर जल गए। ट्रांसफार्मरों के फुंकने से सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस और गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
अहरौरा विद्युत सब स्टेशन के अवर अभियंता (जेई) पंचधारी सिंह के अनुसार अहरौरा फीडर के अंतर्गत सियुर, लकुरा और जिगना में 10-10 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर आकाशीय बिजली की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने का प्रयास किया, लेकिन क्षति अधिक होने के कारण आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
जेई ने बताया कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही उन्हें स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।
उधर, बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो गई है। पेयजल की समस्या के साथ घरेलू कामकाज भी प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द नए ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।


