News

तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

0 सरदार ढाबे के सामने हादसा, सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से ग्रामीणों में आक्रोश
0 ओवरब्रिज की मांग को लेकर करीब 20 मिनट तक प्रदर्शन

कछवां, मीरजापुर। कछवां थाना क्षेत्र के कटका गोदाम के पास सरदार ढाबे के सामने गुरुवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौके पर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक ओवरलोड ट्रक पीछे की ओर बैक किया जा रहा था। ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की बाइक के परखचे उउड गये। मृतक की पहचान सूबेदार बिंद (50) पुत्र पुल्लूराम बिंद, निवासी मेदनीपुर, औराई के रूप में हुई है।

बयाया जाता है कि वह बाइक संख्या UP 66 ED 1649 से अपने घर लौट रहा था। सूबेदार बिंद प्रतिदिन सुबह करीब आठ बजे अपने घर से बाबूसराय में गलीचा बुनने जाते थे और शाम को काम समाप्त कर वापस लौटते थे। गुरुवार की शाम भी घर लौट रहे थे, कि कटका यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सूबेदार बिंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-19 पर आवागमन बाधित करते हुए चक्का जाम कर दिया। करीब 20 मिनट तक ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों और यातायात व्यवस्था पर नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का आरोप रहा कि सरदार ढाबे के सामने हाईवे की पटरियों पर आए दिन वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने इस स्थान पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने के साथ हाईवे पर सुरक्षित आवागमन के लिए ओवरब्रिज बनाए जाने की मांग उठाई।

सूचना पर कछवां पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी कछवां भेज दिया, जहां आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।

मृतक सूबेदार बिंद के परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र राहुल कुमार और रोहित कुमार तथा एक पुत्री है, जिसकी शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय यदि बाइक सवार ने हेलमेट पहना होता, तो सिर में गंभीर चोट से बचाव की संभावना थी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी का निर्धारण पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!