सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के डीएम ने प्रभावी कार्रवाई के दिये निर्देश
0 जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
फोटोसहित
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा संबंधित एजेंसियों को सड़क संकेतक, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर एवं आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं सड़क किनारे उगी झाड़ियों की नियमित सफाई कराना भी सुनिश्चित करें।बैठक में यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा गलत दिशा में वाहन संचालन के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को स्कूल बसों, व्यावसायिक वाहनों एवं सार्वजनिक परिवहन वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा, ताकि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन हो सके।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों को समयबद्ध चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा गोल्डन आवर के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। इसके लिए पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया। उन्होंने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का भी निर्देश दिया, साथ ही जनसामान्य के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि खराब सड़कों का मरम्मत कार्य आज से प्रारम्भ कर दिया जाए। बड़े पैच की मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखा जाए। उन्होंने दुर्गा पूजा व नवरात्र के दृष्टिगत प्रमुख मार्गों की सड़कों को समय रहते ठीक कराने का निर्देश दिया एवं यह भी कहा कि यदि रूट डायवर्जन की आवश्यकता है तो पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क बनाते हुए जो पटरियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं उनका भी मरम्मत करा लिया जाए।सेतु निगम द्वारा आमघाट पुल का स्थायी समाधान न किए जाने तथा बैठक में अनुपस्थित रहने पर सेतु निगम के एम०डी० को पत्राचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर उन पर कड़ी कार्यवाही करें। उन्होंने प्रभारी यातायात को निर्देशित करते हुए कहा कि नो एंट्री के आस पास होल्डिंग एरिया का चिन्हांकन करें एवं डेवलप करने हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराएं।जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल चालान काटना नहीं है, बल्कि लोगों की जान बचाना है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि पिछले 3 महीनों में हुए सड़क हादसों की मार्गवार (किस रोड पर कितने हादसे) समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन सड़कों पर हादसे ज्यादा हो रहे हैं, वहां के कारणों को चिन्हित कर तत्काल सुधार किया जाए।जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि अनफिट स्कूली वाहनों की सूची उपलब्ध कराएं।बैठक में अपर जिलाधिकारी वि०/रा० विनोद कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेन्द्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, परियोजना निदेशक डी०आर०डी०ए० धर्मजीत सिंह, अधिशासी अभियंता प्रान्तीय खण्ड लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार, सहायक अभियंता प्रान्तीय खण्ड लोक निर्माण विभाग बी०के० पाण्डेय सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।


