Uncategorized

छठ महापर्व को लेकर डीएम-एसपी ने गंगाघाटों का किया निरीक्षण
0 श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था के दिए निर्देश
फोटोसहित
मीरजापुर। छठ महापर्व को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर गोवा लाल के साथ नगर क्षेत्र के गंगा घाटों का संयुक्त भ्रमण कर निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सबसे पहले नगर के बरिया घाट का निरीक्षण किया। इसके बाद पक्का घाट, संकटा घाट, दाऊ घाट, कोन विकास खण्ड के गोगांव घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर जल स्तर और घाटों की सीढ़ियों की स्थिति भी देखी।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहाकि सभी घाटों पर युद्ध स्तर पर साफ-सफाई कराई जाए। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अस्थाई शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि घाटों के आसपास गंदगी न फैले, इसके लिए कूड़ेदान और सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, महिला पुलिस और सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था बनाई गई है। घाटों पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली न होने पाए, इस पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका को निर्देशित दिया कि गंगा नदी में गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर बैरिकेडिंग कराई जाए। प्रत्येक घाट पर गोताखोर और नाव की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक प्रमुख घाट पर एंबुलेंस और चिकित्सा टीम तैनात करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा घाटों पर अस्थाई प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गोवा लाल, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!