अहरौरा, मीरजापुर। मध्य प्रदेश में 12 से 16 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर दो पदक जीतने वाले निशुल्क स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर, बनस्थली खेल ग्राउंड अहरौरा के होनहार खिलाड़ी विनय कुमार का घर लौटने पर खेल ग्राउंड में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल की गरिमामयी जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने विनय का फूल-मालाओं से जोरदार अभिनंदन किया।
विनय ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा 1500 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अहरौरा, मिर्जापुर, अपने विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
स्वागत समारोह के उपरांत विनय के सम्मान में भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी, युवा एवं क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने विनय की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहाकि जिस क्षेत्र के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर अपने गांव और जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं, उस क्षेत्र में एक बेहतर खेल मैदान और खेल सुविधाओं का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विनय के माता-पिता को विशेष रूप से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में माता-पिता का त्याग, समर्पण और सहयोग बहुत महत्वपूर्ण होता है।
कोच अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि सीमित संसाधनों में वर्षों से मेहनत कर रहे तमाम खिलाड़ियों के संघर्ष और सपनों की जीत है।





