मीरजापुर।। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पटेहरा कला में शुक्रवार को जनपद के 12 ब्लॉकों के विद्यालयों को फुटबॉल वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मड़िहान राजेश यादव एवं राकेश सिंह उर्फ लल्लू सिंह ने किया। अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. पी. त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर उप प्राचार्य संजय सिंह सहित 12 ब्लॉकों से आए विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मडिहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहाकि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं संघर्ष करने का जज्बा विकसित होता है। फुटबॉल जैसे सामूहिक खेल बच्चों को मिल-जुलकर लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर एवं संसाधन उपलब्ध कराने की है। फुटबॉल वितरण की यह पहल ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. पी. त्रिपाठी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहाकि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास करना भी है। खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। फुटबॉल वितरण के माध्यम से जनपद के 12 ब्लॉकों के विद्यालयों में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उप प्राचार्य संजय सिंह ने अपने संबोधन में कहाकि खेल विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग, अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास करते हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ-साथ किसी न किसी खेल में अवश्य भाग लेना चाहिए। उन्होंने इस पहल को ग्रामीण विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रभारी डॉ. विपिन सिंह एवं श्रीमती विभा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर ए. के. त्रिपाठी, नईमुल्लाह, एम. के. बरनवाल, राम लखन मौर्य, श्रीमती अनामिका भारतीय, श्रीमती शिल्पा सिंह, श्रीमती शालिनी कुशवाहा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जनपद के विद्यालयों में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।





