News

शासन के मंशानुरूप जनपद के सभी तहसीलों में आयोजित किया गया सम्पूर्ण समाधान दिवस

0 तहसील मड़िहान में जिलाधिकारी के समक्ष प्राप्त 86 प्रार्थना पत्रों में मौके पर 06 का किया गया निस्तारण

मीरजापुर। शासन के मंशानुरूप जनपद के सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधा दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मड़िहान में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आए हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी के समक्ष प्राप्त 86 प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 06 का निस्तारण करते हुए शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित अधिकारियों को इस निर्देश के साथ प्रेषित कि अधिकारी पूरी पारदर्शिता व गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व व पैमाइश के मामले में उप जिलाधिकारीगण राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित करते हुए मौके पर भेजकर दोनो पक्षों की उपस्थिति में शिकायत को सुनते हुए पीड़ित फरियादी को न्याय दिलाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन अन्तर्गत हर घर जल योजना के तहत जो भी पानी की आपूर्ति की जा रही है बेहतर ढंग कराना सुनिश्चित करें।

जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि किसान सम्मान निधि से सम्बन्धित प्राप्त प्रार्थना पत्रों नियमानुसार निस्तारण कराएं। अधिशासी अभियंता विद्युत, जल निगम, समाज कल्याण के द्वारा अत्यधिक असंतुष्ट फीडबैंक अधिक होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि शासन स्तर से सीधे शिकायतकर्ता से वार्ता कर फीडबैक लिया जा रहा है।

अतएव सभी अधिकारी 30 नवम्बर 2026 सभी शिकायतकर्ता से वार्ता कर निस्तारण कराएं। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी व ए0आर0 कोआपरेटिव को निर्देशित करते हुए कहा कि खाद वितरण व धान क्रय केन्द्रों पर नियमित खरीद की जाए यदि किसानों द्वारा शिकायत की जाती है तो सम्बन्धित अधिकारी के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने उप जिलाधिकारी मड़िहान को निर्देशित किया कि वे स्ंवय धान क्रय केन्द्रों का निरीक्षण करे तथा आ रही बाधाओं का निराकरण कराएं। सिंचाई विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि नहरों की सिल्ट सफाई बेहतर ढंग से कराएं एवं टेल तक पानी पहुंचाए इसके में किसी प्रकार लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सभी खण्ड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नहर सफाई व टेल पहुंचाने के सम्बंध में निरीक्षण कर यदि कोई समस्या आती है तो उसका निस्तारण कराएं।

इसी प्रकार जनपद के अन्य तहसीलों में तहसील सदर में मुख्य राजस्व अधिकारी विजेता के समक्ष प्राप्त 92 प्रार्थना पत्रों में 06 का निस्तारण, तहसील चुनार में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संगम लाल के समक्ष प्राप्त 66 प्रार्थना पत्रों में 05 का निस्तारण एवं तहसील लालगंज में उप जिलाधिकारी लालगंज अजीत कुमार के समक्ष प्राप्त 46 प्रार्थना पत्रों में 03 का निस्तारण किया गया।

तहसील मड़िहान में उप जिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा, मुख्य चिकित्साधिकारी कीर्ति कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी मड़िहान सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।

तहसील दिवस के उपरान्त जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने तहसील प्रांगण में बनाए गए ई0वी0एम0 प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम अन्तर्गत ई0वी0एम0 प्रदर्शन केन्द्र का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदाता को ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया सरल भाषा में समझाई जाए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं में ईवीएम को लेकर किसी भी प्रकार का भ्रम नहीं रहना चाहिए।

इस दौरान वीवीपैट से पर्ची मिलने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन कराया गया। केंद्र पर आने वाले लोगों ने ईवीएम से मतदान करके प्रक्रिया को समझा। जिलाधिकारी ने सभी कर्मियों को ड्यूटी पर सतर्क व सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!