News

फैमिली आईडी की खराब प्रगति पर 07 खंड विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश

जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड और विकास कार्यों की की समीक्षा

जननी सुरक्षा योजना का भुगतान लंबित होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश

मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, विकास कार्यों और विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

बैठक में जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को भुगतान लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जननी सुरक्षा योजना सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना एवं मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना है। इस योजना में भुगतान में लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि जिन स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय पर तैनात नोडल अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए, साथ ही एक सप्ताह के अंदर सभी लंबित भुगतान हर हाल में कराना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर लाभ न मिलना, न केवल विभाग की लापरवाही को दर्शाता है बल्कि सरकार की मंशा के भी विपरीत है। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि प्रत्येक विकास खंडवार भुगतान की समीक्षा कर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

बैठक में फैमिली आईडी बनाने की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने खराब प्रगति पर भी नाराजगी जताई। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने फैमिली आईडी की खराब प्रगति पर जनपद के 07 खंड विकास अधिकारियों यथा- कोन, लालगंज सिटी, नारायनपुर, पटेहरा कला, पहाड़ी व राजगढ़ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। इसके माध्यम से ही परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही प्लेटफार्म पर दिया जाएगा। इसमें लापरवाही करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर फैमिली आईडी का कार्य तेजी से पूर्ण कराएं। लेखपाल, पंचायत सचिव, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सहयोग लेकर हर परिवार की फैमिली आईडी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह की समीक्षा बैठक में प्रगति में सुधार न मिलने पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विभागों की रैंकिंग की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग खराब है, वे अपने कार्यों में सुधार लाएं। प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन योजनाओं और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने विभाग की योजनाओं का स्थलीय सत्यापन स्वयं करें और लाभार्थियों से सीधे संवाद करें। योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक केवल औपचारिकता नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका परिणाम धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

जिलाधिकारी में लोक निर्माण विभाग के द्वारा नई सड़कों के निर्माण, गड्ढा मुक्ति और सड़कों की मरम्मत की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिन योजनाओं का टेंडर आदि प्रक्रिया पूर्ण कर दी गई है तत्काल प्रारंभ करना सुनिश्चित कारण इसी प्रकार निर्माणधीन विंध्य तीर्थ विकास परिषद कार्यालय को भी गुणवत्तापूर्ण बनाने तथा निर्माण कार्यों में लगाई जा रही सामग्रियों को गुणवत्तापूर्ण लगाने के साथ ही थर्ड पार्टी से गुणवत्ता की जांच भी कराने का निर्देश दिया उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर प्रोजेक्ट मैनेजर यूपीपीसीएल को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में जल निगम ग्रामीण एवं नगरीय के अभियंताओं को निर्देश दिए गए कि जल जीवन मिशन योजना के तहत शत प्रतिशत घरों में जलापूर्ति सुनिश्चित करें, उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि जिन अधिकारियों के विभागीय योजनाओं का सीएम डैशबोर्ड समीक्षा के दौरान कम श्रेणी प्राप्त हुई है वह अभी समय रहते अपने कार्यों में प्रगति लिए ताकि जनपद की स्थिति प्रदेश में अच्छी हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याअधिकारी बब्बन मौर्य, जिला विकास अधिकारी राजीव सिंह, सभी खंड विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!