चुनार, मीरजापुर। स्नान, दान, श्रद्धा और विश्वास के पावन अवसर कार्तिक पूर्णिमा पर जीवनदायिनी, पतित पावनी माँ गंगा के पवित्र तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ब्रह्म मुहूर्त से ही लगनी शुरू हो गई। भोर होते ही घाटों पर हर-हर गंगे, जय माँ गंगे के जयकारे गूंजने लगे। दूर-दराज के गांवों और नगरों से आए श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित करते नजर आए।
कार्तिक पूर्णिमा का स्नान हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से समस्त पापों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते सोमवार की रात से ही श्रद्धालुओं का उत्तरामुखी गंगा के तट पर पहुंचना शुरू हो गया था। मंगलवार को भोर से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों सहित हर आयु वर्ग के लोगों ने गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया।
घाट पर स्नानार्थियों के आवागमन की सुगमता को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका परिषद की ओर से प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की गई। गंगा के गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग, स्नान के बाद महिलाओं को वस्त्र बदलने के लिए टेंट एवं खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था बनाई गई थी।
नगरपालिका की इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली और स्नान पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।मेले में माँ विंध्यवासिनी सेवा समिति के द्वारा लगभग इक्कीस कुंतल सूजी के हलवे का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। प्रसाद वितरण के लिए समिति के कार्यकर्ता सोमवार की रात्रि से ही जुटे हुए थे।
श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर समिति के इस सेवा कार्य की सराहना की। इसके अलावा अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा चाय व विस्किट का वितरण किया गया।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन की व्यवस्था चाक-चौबंद रही। रात्रि से ही चौराहे, तिराहे पर पुलिस मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रही।
मंगलवार को प्रातः से ही अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा,क्षेत्राधिकारी गायत्री यादव, कोतवाल अजय सेठ,चौकी प्रभारी कस्बा देवेंद्र राय पुलिस बल के साथ चक्रमण करते रहे। नगर में छोटी-बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगने से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी राहत रही।
मेले में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मंसूर अहमद, तहसीलदार इवेन्द्र कुमार, अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव, सफाई निरीक्षक लालमणि यादव, प्रधान लिपिक शैलेश यादव, लिपिक संतोष, राहुल, गौरव पाण्डेय, सभासद करतार सिंह, लव श्रीवास्तव, ब्रह्मानंद कुशवाहा, मिथिलेश बिंद, रतनलाल साहनी, बृजनंद कुशवाहा, अनिल यादव, सुनील गुप्ता, सुजीत कुशवाहा, रामबाबू निषाद, भरत लाल निषाद, प्रदीप शर्मा, पवन कुमार बिंद, रमेश साहनी आदि सेवा भाव से जुटे रहे।सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने घाटों पर घूम-घूम कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। देर शाम तक घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।





