News

मोबाइल चार्जर लगाते ही घर में दौड़ा हाईपावर करंट, 21 वर्षीय छात्र की मौत
0 जमुआरी गांव में हाईटेंशन तार के घरेलू लाइन से छूने का मामला
0 बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप; ग्रामीणों में आक्रोश
कछवा, मीरजापुर। कछवां थाशा क्षेत्र के जमुआरी गांव में शुक्रवार को बिजली के हाईटेंशन तार के घरेलू बिजली तार से छू जाने के कारण घर में हाईपावर करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से 21 वर्षीय अंकित सरोज पुत्र अनिल सरोज की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है।

बताया गया कि अंकित घर में मोबाइल का चार्जर लगाने जा रहा था। इसी दौरान घरेलू विद्युत लाइन में अचानक हाईपावर करंट दौड़ गया और वह इसकी चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए ले जाने की कोशिश में जुटे, लेकिन उसकी मौत हो गई।

अंकित सहजानंद डिग्री कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ अपने परिवार की उम्मीदों का सहारा था। उसकी अचानक मौत से परिवार के साथ ही गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

इनसेट मे…
ग्रामीण बोले- पहले भी हो चुके हैं हादसे
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली के तारों की स्थिति लंबे समय से चिंताजनक बनी हुई है। हाईटेंशन और घरेलू तारों के आपस में संपर्क में आने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली करंट की चपेट में आने से गांव में कई भैंसों और दो लोगों की भी जान जा चुकी है। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर और खतरनाक बिजली लाइनों को ठीक करा दिया जाता तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था। लगातार हो रहे हादसों को लेकर ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से गांव की विद्युत व्यवस्था की तत्काल जांच कराने, हाईटेंशन तारों को सुरक्षित करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली विभाग की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!