चुनार, मीरजापुर। इंजिनियरिंग मजदूर यूनियन के तत्वावधान मे मंगलवार को तहसील क्षेत्र के शान्ति गोपाल कान कास्ट लिमिटेड कम्पनी धौहा के मुख्य द्वार पर गेट मीटिंग कर श्रमिकों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। यूनियन के जिला अध्यक्ष एस0 पी0 सिंह ने कहा कि संस्थान में लम्बे समय से श्रम कानूनों का पालन नहीं किया जा रहा है। अनेक श्रमिकों का नाम हाजिरी रजिस्टर फार्म 12 में दर्ज नहीं है। किसी भी श्रमिक को हाजिरी कार्ड, वेतन पर्ची तथा छुट्टी का फार्म 15 नहीं दिया जाता है।
सरकारी अवकाश एवं अन्य अवकाश विधि सम्मत तरीके से नहीं दिया जा रहा न ही न्यूनतम वेतन दिया जाता है, जिसके चलते मजदूरों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है आदि सहित सात सुत्रीय मांग पत्र कंपनी के प्रबंधक को सौंपा गया। मांग पत्र मे सभी श्रमिकों को राष्ट्रीय पर्व पर अवकाश, आकस्मिक अवकाश तथा फैक्ट्री ऐक्ट के तहत अर्जित अवकाश दिए जाने की मांग रही साथ ही भीषण महंगाई को देखते हुए सभी श्रमिकों के वेतन में तीन हजार रुपए की बढ़ोतरी किया जाय।
सभी श्रमिकों को 20 प्रतिशत के दर से बोनस का भुगतान किया जाए। और प्रत्येक वर्ष दो यूनिफॉर्म व सेफ्टी शूज़ दिया जाए। यूनियन के जिला अध्यक्ष ने कहा कि कम्पनी के द्वारा सभी मांगों को पन्द्रह दिनो के अन्दर पूरा नहीं किया गया तो सभी श्रमिको को धरना प्रदर्शन के लिए वाध्य होना पडेगा।
इस दौरान यूनियन मंत्री कमलेश सिंह, राजेश कुमार सिंह, अवधेश सिंह, रमेश पाण्डेय, मनोज, राकेश, सभापति शर्मा, अजय कुमार, सनोज आदि ष्रमुख उपस्थित रहे।


