कछवा, मीरजापुर। कछवा कस्बे में एक पूछ-कटे काले सांड ने आज सुबह जमकर आतंक मचाया। सांड के हमले में राजेंद्र शर्मा समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। राजेंद्र शर्मा को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह सिनेमा हॉल के पास उमेश सिंह के पुत्र राजू सिंह पर सांड ने अचानक हमला कर दिया। राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह पूछ-कटा काला सांड काफी आक्रामक है और राहगीरों को दौड़ा-दौड़ाकर मार रहा है। सांड़ के हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत और पशु विभाग मौन है। लोगों ने सांड को जल्द पकड़कर गौशाला भेजने की अपील की है ताकि और कोई घटना न हो।





