News

अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में गुप्त नवरात्रि पर उमड़ा भक्तों का सैलाब
फोटोसहित
चुनार, मीरजापुर। क्षेत्र के अदलपुरा स्थित सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता धाम में गुप्त नवरात्रि के अवसर पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार और गुप्त नवरात्रि का संयोग होने के कारण सुबह से ही मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा।
गुप्त नवरात्रि को तांत्रिक साधना और मनोकामना पूर्ति के लिए विशेष महत्व दिया जाता है। इसी मान्यता के चलते दूर-दराज से आए भक्तों ने मां शीतला का दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि और रोगों से मुक्ति की कामना की। मंदिर के पुजारी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां को लाल चुनरी, नारियल, फल-फूल और प्रसाद अर्पित किया। कई भक्तों ने मंदिर में अखंड ज्योति प्रज्वलित कर मन्नतें मांगी। भोर के 4 बजे से ही मंदिर का पट खुलते ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बारी-बारी से मां के चरणों में शीश झुकाया। मान्यता है कि बड़ी शीतला माता चेचक, खसरा और अन्य संक्रामक रोगों से रक्षा करती हैं। इसी कारण क्षेत्र ही नहीं बल्कि मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर , भदोही चंदौली,सोनभद्र से भी बड़ी संख्या मे श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस उपाधीक्षक गायत्री यादव, कोतवाल विजय शंकर सिंह मय दल बल के साथ तैनात रहे। स्थानीय लोगों ने बुजुर्गों और महिलाओं को दर्शन पूजन के लिए लगे लाइन में सहयोग किया। मंदिर के पास प्रसाद, चुनरी और पूजा सामग्री की दुकानें सजी थीं।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि गुप्त नवरात्रि के नौ दिनों तक विशेष पूजा, हवन किया जाता है। बड़ी शीतला माता अपने भक्तों कि रक्षा करती है
दर्शन कर लौट रहे भक्तों के चेहरे पर श्रद्धा और संतोष साफ दिखाई दे रहा था। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मां शीतला की कृपा से ही पूरे क्षेत्र में सुख-शांति बनी हुई है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!