News

क्रशर प्लांट पर चार मजदूरों की मौत मामले मे पांच नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज; लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का लगाया आरोप

0 ब्लास्टिंग के कंपन से डग और कमरा गिरने से हुआ था हादसा
0 परिजनों की तहरीर पर बीएनएस की धारा 105 में दर्ज हुआ केस
अहरौरा, मीरजापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के भगौती देई स्थित एसएस रंजन स्टोन क्रेशर प्लांट में शनिवार दोपहर ब्लास्टिंग के कंपन से बड़ा हादसा हो गया। कंपन से एक जर्जर कमरा अचानक भरभराकर डग के ऊपर गिर गया। कमरे के मलबे में डग पर काम कर रहे चार मजदूर दब गए। प्लांट कर्मचारियों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही चारों ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मीरजापुर भेज दिया।
इस मामले में मृतक दुर्योधन विश्वकर्मा के चचेरे भाई सूर्यबली पुत्र शिवप्रसाद विश्वकर्मा निवासी बड़गांवा, थाना जुगैल, जनपद सोनभद्र ने अहरौरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके चचेरे भाई दुर्योधन विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय बाबूनंदन, (34 )वर्ष, तथा गांव के अशोक गौंड पुत्र स्वर्गीय बसंत गौंड, (38) वर्ष, लालबहादुर बैगा पुत्र रामदुलारे, (35) वर्ष और राकेश गौड़ पुत्र रामजी गौड़, (30) वर्ष, एसएस रंजन स्टोन क्रेशर प्लांट पर काम कर रहे थे।
तहरीर के मुताबिक, 5 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे बगल की खदान में ब्लास्टिंग हुई। ब्लास्टिंग के कंपन से क्रेशर प्लांट का डग और उसके ऊपर बना पहले से जर्जर एवं कमजोर कमरा गिर गया, जिसके मलबे में दबने से चारों मजदूरों की मौत हो गई। परिजनों ने अपनी तहरीर में खदान मालिक मधुसूदन सिंह, ब्लास्टिंग करने वाले मनोज यादव, क्रेशर मालिक शिवकुमार पटेल उर्फ पिंटू, विनोद पटेल और आनंद पटेल पुत्र प्रेम नारायण निवासी सोनपुर भगौती देई, थाना अहरौरा, मीरजापुर सहित एक अन्य अज्ञात के खिलाफ लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजन की तहरीर के आधार पर पांच नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे थे आला अधिकारी

चार मजदूरों की मौत की सूचना मिलते ही मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की परिस्थितियों की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य के साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!