जनगणना द्वितीय चरण हेतु फील्ड ट्रेनरों की बैठक आयोजित, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
मीरजापुर। जनगणना द्वितीय चरण कार्य हेतु फील्ड ट्रेनर कार्य हेतु जनपद की समस्त तहसील एवं नगर पालिका/नगर पंचायत से चयनित कार्मिकों की एक बैठक जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में जी0डी0 बिन्नानी कालेज में आयोजित हुई।
उपरोक्त बैठक में जनपद की समस्त तहसीलों के उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी जनगणना, तहसीलदार तथा अधिशासी अधिकारीगण ने भी प्रतिभाग किया। बैठक को जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने सम्बोधित किया।
जिलाधिकारी ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनगणना अत्यन्त महत्वपूर्ण कार्य है तथा इसको हम सभी को बड़ी सावधानी से ससमय पूरा करना है तथा किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करनी है। उपस्थित कार्मिकों से प्रथम चरण के मानदेय की प्राप्ति के सम्बन्ध में पूछा गया तो सभी ने अवगत कराया कि मिल गया है तथा अवगत कराया गया कि द्वितीय चरण का मानदेय भी ससमय मिल जायेगा।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गयी सूचनायें मात्र शासन की नीतियों के निर्माण से सम्बन्धित होती हैं, इससे किसी भी व्यक्ति को व्यक्तिगत लाभ या हानि नहीं होता है। जिलाधिकारी महोदय द्वारा स्वगणना कार्य को ज्यादा से ज्यादा करने के लिए आम जनमानस को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया, जिससे कि जनगणना कार्य के दौरान कम से कम समय लगे।
अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि समस्त कर्मचारी पूरे मनोयोग से जनगणना के कार्य को सम्पादित करें तथा यदि किसी प्रकार की कोई समस्या हो, तो अवगत करायें जिससे कि उसका निराकरण किया जा सके।





