News

श्रम का सम्मान करने के लिए कार्यकत्रियों व सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद

मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी व कैशलेस इलाज उपलब्ध कराए जाने की गई घोषणा से जिले की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं में खुशी की लहर है। कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री की घोषणा को अपने सम्मान और उत्साह को बढ़ाने वाला कदम बताया है।

उनका कहना है कि सरकार की ओर से उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों को महत्व दिया जाना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का यहां बरकछा स्थित बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के सभागार में लाइव प्रसारण किया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।

आंगनवाड़ी केंद्र चिल्ह तृतीय की आंगनवाड़ी कार्यकत्री विद्यादेवी ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने से उन्हें बहुत खुशी हुई है।

विद्यादेवी ने कहा कि सरकार ने कैशलेस इलाज की सुविधा से उन्हें जोड़कर उनके श्रम का सम्मान किया है। आंगनवाड़ी केंद्र मलाधरपुर प्रथम की सहायिका क्रांति देवी ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र पर कार्यकत्री के साथ मिलकर बच्चों और महिलाओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सहयोग करना उनकी नियमित जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने व कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की घोषणा से उनकी जैसी हजारों सहायिकाओं में उत्साह बढ़ा है। सरकार का यह कदम उनके परिवार के लिए भी राहत और खुशी लेकर आने वाला है। इसी तरह आंगनवाड़ी केंद्र अमोई द्वितीय की कार्यकत्री संजीता देवी ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार और लाभार्थियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करती हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से लेकर महिलाओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में उनका अहम योगदान होता है।

ऐसे में सरकार द्वारा मानदेय बढ़ाए जाने व कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने से उन्हें अपने दायित्वों को और बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के हित में उठाए जा रहे कदम उनके मनोबल को बढ़ाने वाले हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये व सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने की घोषणा की है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं तथा उनके परिवार को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!