0 अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम को राजीव गांधी दक्षिणी बी0एच0यू0 बरकछा में भव्य कार्यक्रम कर दिखाया गया सजीव प्रसारण
0 उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, मा0 विधायक नगर व जिलाधिकारी द्वारा जनपद के 139 नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं को दिया गया नियुक्ति पत्र व बढ़े हुए मानदेय का डेमो चेक
0 उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों व मेधावियों का किया गया सम्मान
मीरजापुर। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा आज मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पावन जन्म भूमि अयोध्या से आयोजित कार्यक्रम के तहत प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं के वेतन में बढ़ोतरी एवं 05 लाख रूपये तक प्रतिवर्ष कैशलेस उपचार की सुविधा के साथ ही मेधावी बच्चों तथा पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण से जुड़ी उत्कृष्ट अधीक्षिकाओं का सम्मान तथा नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया।
अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बी0एच0यू0 बरकछा के ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर दिखाया गया।इस अवसर पर बी0एच0यू0 बरकछा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली, विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिन्द ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को बढ़े हुए मानदेय का डेमो चेक, नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण के साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली मेधावी छात्राओं/प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र के साथ गर्भवती माताओं को पोषण पोटली का भी वितरण किया गया।
विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली के द्वारा इस अवसर पर 139 नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, 52 उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित, 45 सैम/मैम की श्रेणी से निकलकर सामान्य श्रेणी में आने वाले बच्चों के अभिभावकों को पुरस्कृत किया गया।
इसके अतिरिक्त यू0पी0 बोर्ड में उत्कृष्ट अंक पाने वाली मेधावी छात्रा को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक नगर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र का वितरण के साथ ही पूर्व में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाओं की मानदेय बढ़ाने की मांग सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यकत्रियों को 12000 रूपया एवं सहायिकाओं को 6000 रूपया प्रतिमाह मानदेय देकर इनका सम्मान करते हुए सराहनीय कार्य किया।
उन्होंने कहा कि हमें भी अपने विधानसभा के अन्तर्गत तथा अन्य मा0 विधायकगण को इनके द्वारा बार-बार ज्ञापन दिया जाता रहा है जिसे इन लोगों की बातों को हम सभी ने मुख्यमंत्री जी तक पहुंचाया और उनके द्वारा सबकी मांग को स्वीकारते हुए इनका सम्मान किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री जी द्वारा कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को साड़ी के लिए उनके खाते में धनराशि भेजने तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं के किसी भी बीमारी की दशा में 05 लाख रूपये तक की किसी भी अस्पताल में कैशलेस उपचार की सुविधा भी प्रदान करते हुए उनका सम्मान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व यशस्वी मुख्यमंत्री जी द्वारा अब भारत देश को सोने की चिड़िया नहीं बल्कि सोने का बब्बर शेर बनाने का संकल्प लिया है ताकि भारत की तरफ कोई भी आंख उठाकर देख न सके और भारत को 2047 तक विकसित भारत राष्ट्र के रूप में बनाने के साथ विश्व गुरु बनाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि आप सभी भी यदि यशस्वी मुख्यमंत्री जी का साथ देकर पूरी पारदर्शिता व ईमानदारी के साथ कार्य करेंगी तो निश्चित रूप से हमारा भारत देश विकसित राष्ट्र हो सकेगा। उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग सोहन लाल श्रीमाली ने अपने सम्बोधन में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिकाओं की संज्ञा मुख्यमंत्री जी द्वारा माता यशोदा से की गई है, क्योंकि आप सभी लोग माता यशोदा की तरह छोटे-छोटे बच्चों को पाल पोसकर उनका लालन पोषण करती हैं। उन्होंने कहा कि माता यशोदा ने भी देवकी जी के पुत्र को पाल पोस कर बड़ा करते हुए एक कृष्ण के रूप में खड़ा किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा आप सबका ख्याल रखते हुए आपकी मांगों को स्वीकार कर एक सम्मानजनक मानदेय बढ़ाकर आपका सम्मान किया है, इसके अतिरिक्त मानदेय वृद्धि के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा व अन्य उपयोगी सुविधाओं की घोषणा सराहनीय कदम है।
उन्होंने मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त, मजबूत, शिक्षित व आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चालू कर आप सभी के सशक्तिकरण की दिशा में संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि आप सभी का भी अब कर्तव्य बनता है कि मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता व लगन के साथ कार्य करते हुए उनका सम्मान करें और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि गांव-गांव जाकर बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण की आप सभी चिंता करती हैं, बच्चों को खेलकूद व प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने में भी आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने सभी अतिथिगणों को अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ प्रदान कर स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश जायसवाल ने सभी का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 धर्मजीत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष आई0टी0 मंच दुर्गेश पटेल उपस्थित रहे।




