मीरजापुर। गुरुवार, 10 सितंबर को मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध मंडलीय जिला चिकित्सालय मीरजापुर में स्वास्थ्यकर्मियों के स्वाइन फ्लू से बचाव हेतु वृहद टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया। इस वृहद टीकाकरण कार्यक्रम में अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों विशेषकर इमरजेंसी विभाग,आईसीयू , मेडिसिन, पीडियाट्रिक तथा गायनी एंड ऑब्सटेट्रिक्स विभाग को स्वाइन फ्लू से बचाव हेतु टीका लगाया गया। चिकित्सालय के वह सुरक्षाकर्मी जो क्राउड मैनेजमेंट तथा अनुशासन व्यवस्था संभालते हैं, को भी इस टीकाकरण से लाभान्वित किया गया। वार्ड ब्वॉय तथा सफाई कर्मचारियों को स्वाइन फ्लू से बचाव एवं स्वाइन फ्लू के प्रसार को रोकने के लिए जागरूकता ब्रोशर वितरित किया गया।
चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर प्रोफेसर संजीव कुमार सिंह ने बताया कि मरीज को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का स्वस्थ्य एवं इनफेक्शियस रोगों से सुरक्षित होना आवश्यक है। एक स्वस्थ स्वास्थ्य कर्मी ही मरीजों के लिए तथा समाज के लिए उचित स्वास्थ्य सेवाएं दे सकता है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सचिन किशोर ने बताया कि इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस के मरीजों के लिए चिकित्सालय परिसर में ही अलग से स्वाइन फ्लू हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है जहां पर चिकित्सकों द्वारा आवश्यक इलाज, औषधियों का वितरण तथा जांच कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर पंकज पांडे, डॉक्टर वंदना मौर्य तथा डॉक्टर सुनील सिंह, मेडिसिन विभाग के सहायक आचार्य डॉ राजेश मिश्रा, डॉ क्वाशीन अख्तर, वरिष्ठ चिकित्सा परामर्शदाता डॉ आरके सिंह, हॉस्पिटल मैनेजर डॉ पूजा सलूजा आदि ने उपस्थित होकर स्वास्थ्य कर्मियों को उपरोक्त टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित किया।





