सड़क किनारे लहूलुहान मिला ऑटो चालक, सिर पर गंभीर वार
0 18 घंटे बाद भी कोमा में, नीली अपाचे सवार दो युवकों पर ले जाने का आरोप
फोटौसहित (6)
अहरौरा, मीरजापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के कस्बा नई बाजार स्थित चित्तविश्रम रोड पर एक ऑटो चालक संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान हालत में मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी है। घटना के करीब 18 घंटे बाद भी घायल को होश नहीं आया है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर किया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल की पहचान नई बाजार निवासी नूर हसन (35) पुत्र अली हसन के रूप में हुई है। वह पेशे से ऑटो चालक है। चिकित्सकों के मुताबिक उसके सिर पर किसी भारी या धारदार वस्तु से गंभीर वार किए जाने की आशंका है। चोट की गंभीरता को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया जानलेवा हमले का प्रतीत हो रहा है।
परिजनों के अनुसार नूर हसन रोज की तरह रात करीब नौ बजे ऑटो चलाकर मालिक को चाबी सौंपने के बाद घर के पास स्थित एक दुकान पर बैठा था। इसी दौरान नीले रंग की अपाचे बाइक से दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और नूर हसन को अपने साथ लेकर चले गए। कुछ देर बाद नूर हसन चित्तविश्रम मार्ग पर सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उसके घर पहुंचाया। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। कस्बा चौकी प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि चित्तविश्रम मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। नीले रंग की अपाचे बाइक और उसमें सवार संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


