सपा ने मनाई बाबू शिवदयाल चौरसिया की पुण्यतिथि; अन्य पिछड़े वर्गों के हक व अधिकार की लड़ाई लड़ते थे शिवदयाल जी
मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट पर पिछड़े वर्गों के हक व अधिकार की लड़ाई लड़ने वाले स्व. शिवदयाल सिंह चौरसिया जी की 31वीं पुण्यतिथि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए निवर्तमान जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि लखनऊ में 13 मार्च 1903 को पराग राम चौरसिया के घर जन्मे शिवदयाल सिंह चौरसिया जी का बचपन गुलामी व सामाजिक परतंत्रता के युग में बीता, जिन्होंने सामाजिक भेदभाव, जातीय व अमानवीय छुआछूत के विरुद्ध संघर्ष किया और वंचित, शोषित व दलित वर्ग हेतु शिक्षा तथा जागरूकता हेतु सदैव प्रयत्नशील रहे। देश के प्रसिद्ध उद्योगपति के. के. बिड़ला को चुनाव हरा कर राज्यसभा पहुंचने वाले स्व. शिवदयाल जी ने गरीबों को मुफ्त कानूनी सहायता दिलाए जाने को अपने जीवन का मुख्य लक्ष्य बना लिया था और इन्हीं के प्रयासों से अदालतों में निःशुल्क कानूनी सहायता का प्रचलन शुरू हुआ।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव ने कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय से बैरिस्टर की पढ़ाई करने वाले स्व. शिवदयाल चौरसिया ने संसद में कानून पारित करवा गरीबों को निशुल्क विधिक परामर्श का प्राविधान भारतीय संविधान में शामिल करवाते हुए निःशुल्क व त्वरित न्याय दिलाने की संवैधानिक व्यवस्था सुनिश्चित कराई, जिस परिप्रेक्ष्य में ही पूरे देश में गरीबों के हितार्थ लोक अदालतों का परिचालन प्रारंभ हुआ।
गोष्ठी का संचालन पार्टी के जिला महामंत्री आदर्श यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पार्टीजनों मे मुख्य रूप से डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, संजय यादव, सलीम बादशाह, रवि सोनकर, अभय यादव, अयान आलम, संतोष यादव, शहाबुद्दीन, बब्बू यादव, विशाल सोनकर, शिव कुमार यादव, सुजीत गुप्ता व शेखर कुमार इत्यादि शामिल रहे।


