ण्डलायुक्त, जिलाधिकारी ने मां विन्ध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण प्रगति का किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 15 दिवस के अन्दर एकेडमिक ब्लाक को छात्रों के शिक्षण हेतु कराएं पूर्ण
मीरजापुर 20 सितम्बर 2026 – जनपद के मड़िहान तहसील अन्तर्गत निर्माणाधीन मां विन्ध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय के प्रगति कार्य का मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एकेडमिक ब्लाक के क्लासरूम में छात्रों के बैठने हेतु सिटिंग व्यवस्था की लेट लतीफी व शौचालयों के पूर्ण न होने पर तथा अन्य निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर मण्डलायुक्त ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खण्ड व संबंधित कांट्रैक्टर को कड़ी फटकार लगाते हुए 15 दिवस के अन्दर सभी कक्षाएं शिक्षण योग्य बनाने का निर्देश दिया। विश्वविद्यालय से मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य व विश्वविद्यालय के पास बन रहे पुलिया को भी 15 दिवस के अन्दर शत प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय के पेयजल आपूर्ति, विद्युत सब स्टेशन, फायर सेफ्टी हेतु एनओसी आदि के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि जिस भी विभाग से एनओसी लेना है वहां आवेदन कर तत्काल एनओसी प्राप्त कर लिया जाए। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को निर्देशित किया कि प्रत्येक दिन सुबह 09 बजे व सायं 05 बजे कार्यदायी संस्थाओं के साथ कार्य प्रगति की समीक्षा करें।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग सीडी-2 के सड़क निर्माण में सही उत्तर न दे पाने पर कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि समय पर सड़क व पुल का कार्य पूर्ण नहीं होता है तो निलम्बन की कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान परीक्षा नियंत्रण कक्ष, कुलपति कक्ष, वित्त नियंत्रक कक्ष सहित अन्य भवनों का भी निरीक्षण कर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे/मुख्य राजस्व अधिकारी विजेता, तहसीलदार मड़िहान आशीष कुमार पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



