0 डैफोडिल्स की सह संस्था ‘शेयर एंड केयर ‘ द्वारा बालिका- सशक्तीकरण के अंतर्गत वंचित वर्ग की 10 बालिकाओं को वितरित की गईं 10 साइकिलें
0 तीन दिवसीय चलने वाले वार्षिक उत्सव में कुल 19 साईकिलों का वितरण किया जाएगा
मीरजापुर।
डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल लोहिया तालाब शाखा के वार्षिक समारोह ‘समर्पण’ में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांधकर अपने नंबर एक होने का सबूत पेश किया। मुख्य अतिथि डीआईजी पूनम ने विद्यालय के बच्चों की प्रदर्शन – क्षमता की सराहना की। कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास का द्वार खुलता है। विशिष्ट अतिथि विद्यालय की फाउंडर मेंबर बिंदु सैनी, विद्यालय के डायरेक्टर अमरदीप सिंह, अपराजिता सिंह, साहिबा सिंह और काशिका सिंह की उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ गई। एसपी अपर्णा रजत कौशिक के कर-कमलों व स्टूडेंट काउंसिल द्वारा शेयर एंड केयर की ओर से 10 कन्याओं को साइकिल वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया गया।
अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ श्री श्री रविशंकर, विंग कमांडर एस. एस. सैनी, डा0 बी0 सिंह एवं डा0 टी0 भाटिया के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की लोहिया तालाब शाखा के प्रधानाचार्य मोहित चौधरी, एडमिनिस्ट्रेटर मिट्ठू बनर्जी, नारघाट की प्रधानाचार्या अर्पिता मुखर्जी, उप प्रधानाचार्या लोहिया तालाब सुमिता दत्ता, संकट मोचन ब्रांच की प्रधानाचार्या पूजा अग्रवाल तथा कोआर्डिनेटर लोहिया तालाब, निहारिका सेठ उपस्थित रहीं।
आर्केस्ट्रा की मधुर एवं मोहक सांगीतिक ऊर्जा से पूरा वातावरण संगीतमय हो उठा। डायरेक्टर अपराजिता सिंह ने कहा –
समर्पण केवल एक शब्द नहीं, इसमें एक भावना है। इसमें श्रद्धा है, इसमें त्याग है, इसमें कृतज्ञता है। डायरेक्टर अमरदीप सिंह ने कहा- जो बात शब्दों में कही नहीं जा सकती, हमारे बच्चों ने उसे नृत्य, नाटक, संगीत और योग के माध्यम से मंच पर जीवंत किया है।
हम चाहते हैं कि बच्चों को किताबी ज्ञान से परे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक ज्ञान से भी जोड़ा जाए, ताकि बड़े होकर जब वे कार्यक्षेत्र में एक नागरिक के रूप में उतरें तो उनके दिलोदिमाग में ये सारे भाव रहें।
डैफोडिल्स ने एजूकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2026-27 में पाँच प्रतिष्ठित अवार्ड प्राप्त किए हैं, इनमें लगातार चौथी बार नंबर 1 का सोशल इम्पैक्ट अवार्ड भी शामिल हैं। विद्यालय ने मीरजापुर के शीर्ष तीन स्थानों पर लगातार तीसरी बार अपना परचम लहराया। डायरेक्टर ने उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों और विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम के साथ अभिभावकों के सहयोग को दिया।
छोटे बच्चों द्वारा माता – पिता के वात्सल्य, स्नेह और निःस्वार्थ प्रेम को दर्शाती ‘ माय पैरंट्स माय प्राउड’ की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। समर्पण की श्रृंखला में ‘ जय जवान – जय किसान ‘ की प्रस्तुति से बच्चों ने देश की सुरक्षा में डटे वीर जवानों और श्रमसाधक किसानों के समर्पण को सादर स्मरण किया।
‘नेवर टू लेट टू फाॅलो योर ड्रीम’ द्वारा अपने सपनों को साकार करने के लिए निष्ठा, विश्वास और समर्पण की भावना को सर्वोपरि सिद्ध किया। सर्व धर्म समभाव की उत्कृष्ट मानवीय प्रवृत्ति को उत्प्रेरित करने वाली प्रस्तुति ने भारत की विविधता की एकता की विशिष्ट पहचान दर्ज की। सभी प्राणियों के जीवन के लिए प्रकृति को अति आवश्यक और महत्वपूर्ण बताते हुए पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षा पर जोर देने वाली प्रस्तुति ‘पर्यावरण बचाओ’ ने दर्शकों से खूब तालियाँ बटोरी।
देश की आन – बान – शान पर मर मिटने वाले देश के सच्चे सपूतों की याद दिलाते हुए ऐतिहासिक नाटक ‘पृथ्वीराज की आँखें’ ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
कराटे की प्रस्तुति में शक्ति और संयम का अद्भुत संगम देखकर दर्शकों ने खूब वाहवाही की।
भक्ति भावना से ओतप्रोत मनमोहक नृत्य नाटिका ‘वैष्णो देवी’ ने वातावरण को भक्तिभाव से भर दिया। देश की वीरांगनाओं के अदम्य साहस और स्वाभिमान को महिमामंडित करती हुई नाट्य प्रस्तुति ‘ पद्मावत’ की खूब सराहना हुई। अंग्रेजी ड्रामा ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। समुद्र मंथन की शानदार प्रस्तुति के साथ राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित कार्यक्रम भी दर्शकों द्वारा सराहा गया।
धन्यवाद ज्ञापन स्कूल की उप प्रधानाचार्या सुमिता दत्ता ने किया। राष्ट्रगान के साथ रंगारंग कार्यक्रमों का समापन हुआ।
सांस्कृतिक रंगों का ही नहीं, सामाजिक संवेदनाओं का साक्षी बना सपर्पण का मंच
0 शेयर एंड केयर’ की ओर से 10 जरूरतमंद कन्याओं हेतु ‘पंखों की उड़ान’ के रूप में 10 साइकिलें भेंट की गई
फोटोसहित
मीरजापुर।
डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल लोहिया तालाब ब्रांच के वार्षिकोत्सव ‘समर्पण’ का मंच मंगलवार को केवल सांस्कृतिक रंगों का ही नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनाओं का भी साक्षी बना।
विद्यालय की वर्षों पुरानी परंपरा ‘शेयर एंड केयर’ के तत्वावधान में समर्पण के मंच से 10 जरूरतमंद व होनहार कन्याओं को शिक्षा की निरंतर ज्योति जलाए रखने हेतु ‘पंखों की उड़ान’ के रूप में 10 साइकिलें भेंट की गईं।
विद्यालय परिवार का मानना है कि शिक्षा की लौ कभी बुझने न पाए और संसाधनों की कोई भी कमी इन बेटियों की शिक्षा में बाधा न बनने पाए, इसी संकल्प के साथ यह छोटा सा सहयोग किया गया। ये साइकिलें सिर्फ दो पहिया नहीं, बल्कि उन बेटियों के सपनों को दिया गया हौसला है, ताकि वे निर्बाध रूप से अपने विद्यालय तक पहुँच सकें और अपने भविष्य को गढ़ सकें।
मुख्य अतिथि विंध्याचल मंडल की डीआईजी पूनम के कर-कमलों व स्टूडेंट काउंसिल द्वारा इन कन्याओं को साइकिल वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया गया।
इस अवसर पर डायरेक्टर अमरदीप सिंह अपराजिता सिंह कषिका सिंह सहित डैफोडिल्स परिवार उपस्थित रहा।





