मीरजापुर। मंगलवार, अपराह्न 01:30 बजे जिला बार एसोसिएशन, मिर्जापुर के सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में स्थायी लोक अदालत के कार्यों एवं ‘पेमेंट सेतु ऐप’ के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत सत्येन्द्र सिंह द्वारा स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली, अधिकारिता एवं उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया गया कि स्थायी लोक अदालत के माध्यम से जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का निस्तारण सुलभ, सरल एवं कम खर्चीले तरीके से कराया जा सकता है।
उन्होंने आमजन को स्थायी लोक अदालत की सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य न्यायिक अधिकारी राहुल कुमार सिंह द्वारा ‘पेमेंट सेतु ऐप’ के संबंध में जानकारी देते हुए इसके उपयोग, उद्देश्य एवं आमजन के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में बताया गया तथा अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया गया।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार द्वारा विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि स्थायी लोक अदालत आम नागरिकों को जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के समाधान का एक प्रभावी मंच प्रदान करती है। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध वैधानिक सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में सिविल जज (सी०डि०)/अपर नोडल अधिकारी (कम्प्यूटर) श्रीमती गरिमा सिंह, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय राज सिंह, सचिव जग बहादुर, मनीष सिंह, रामेन्द्र शुक्ला, सुशील दुबे, संजय उपाध्याय, संजय मालवीय, राजेश दुबे, उमाकांत पांडे, सूर्य प्रकाश तिवारी, सुश्री स्मृति गुप्ता, सुश्री कविता सिंह सहित अनेक अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश त्रिपाठी द्वारा किया गया। शिविर के माध्यम से अधिवक्ताओं एवं उपस्थित जनमानस को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली तथा पेमेंट सेतु ऐप के संबंध में जागरूक करते हुए इनके व्यापक प्रचार-प्रसार का संदेश दिया गया।





