मीरजापुर।
कर्तव्य के प्रति समर्पण, शिक्षा के प्रति निष्ठा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए गए अथक प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाते। इसका एक उदाहरण जवाहर नवोदय विद्यालय मीरजापुर, पटेहरा के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र प्रसाद त्रिपाठी के रूप में सामने आया है। 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो चुके डॉ. त्रिपाठी को उनके कार्यों, विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण को देखते हुए मार्च 2027 तक सेवा विस्तार दिया गया है।
आयुक्त, संयुक्त आयुक्त मुख्यालय, नवोदय विद्यालय समिति एवं उपायुक्त क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के निर्देश पर उन्हें पुनः प्राचार्य पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शाम को आदेश प्राप्त होने के बाद उनके लिए यह सुखद और भावुक क्षण बन गया।
डॉ. त्रिपाठी के अनुसार, वे 31 अक्टूबर को विद्यालय से सेवानिवृत्त होकर अवमुक्त हो चुके थे और अपने गृह जनपद भदोही जाने की तैयारी में थे।
बताते हैं कि इसी बीच कार्यकाल बढ़ाए जाने का आदेश मिलने से उन्हें एक बार फिर विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच सेवा करने का अवसर मिल गया। अब वे मार्च 2027 तक लगभग पांच माह अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने इस उपलब्धि को मां विंध्यवासिनी देवी की कृपा और शुभचिंतकों के आशीर्वाद का प्रतिफल बताते हुए कहा कि वे पुनः मनसा, वाचा और कर्मणा पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्रसेवा में जुटे रहेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार देकर एक बेहतर इंसान बनाया जाए, जो भविष्य में देश और समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।





