मीरजापुर। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में विद्यापरिषद की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में उपस्थित एवं ऑनलाइन माध्यम से जुड़े सदस्यों ने प्रस्तुत प्रस्तावों पर विचार करते हुए सर्वसम्मति से अपनी सहमति प्रदान की।
बैठक में सर्वप्रथम विद्यापरिषद की पूर्व में सम्पन्न बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। इसके साथ ही प्रवेश समिति, विधि पाठ्यक्रम की अध्ययन समिति तथा वाणिज्य पाठ्यक्रम की अध्ययन समिति की विभिन्न बैठकों के कार्यवृत्त की पुष्टि पर विचार किया गया। इसी क्रम में परीक्षा समिति की विभिन्न बैठकों में लिए गए निर्णयों एवं कार्यवृत्त की पुष्टि की गई।
बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों का संशोधन रहा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में सत्र 2026-27 से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत स्नातकोत्तर स्तर पर मानविकी, समाज विज्ञान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य संकायों के पूर्व में संचालित 46 क्रेडिट के पाठ्यक्रमों को संबंधित अध्ययन समितियों द्वारा संशोधित कर 40 क्रेडिट के अनुरूप तैयार किया गया है। विद्यापरिषद के समक्ष प्रस्तुत उक्त पाठ्यक्रम संशोधन के अनुमोदन पर विचार किया गया।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय द्वारा एफवाईयूपी पाठ्यक्रम के अनुरूप पठन-पाठन कराए जाने के लिए जारी दिशा-निर्देशों को सदन के संज्ञान में लाया गया। वहीं विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के माध्यम से स्नातक स्तर तृतीय सेमेस्टर की सत्र 2026-27 की परीक्षा में पाठ्यसहगामी विषय ‘फिजिकल एजुकेशन एंड योगा’ के स्थान पर ‘कम्युनिकेशन स्किल एंड पर्सनैलिटी डेवलपमेंट’ विषय किए जाने संबंधी सूचना से भी सदन को अवगत कराया गया।
बैठक में सभी प्रस्तुत बिन्दुओं पर सदस्यों ने अपनी सहमति व्यक्त की तथा कार्यसूची में सम्मिलित प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया। बैठक में माननीय कुलपति की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा का प्रावधान रखा गया।
बैठक में कुलपति एवं विद्यापरिषद की अध्यक्ष प्रो. शोभा गौड़ के अतिरिक्त प्रो. भवभूति मिश्रा, प्रो. गौरी शंकर द्विवेदी, प्रो. देवेन्द्र पाण्डेय, प्रो. इन्दू भूषण द्विवेदी एवं प्रो. कल्याण सिंह सदस्य के रूप में उपस्थित रहे। विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में प्रो. ओमशंकर गुप्ता एवं प्रो. सूबेदार यादव ने सहभागिता की। वहीं प्रो. बालकेश्वर, प्रो. लक्ष्मी यादव, प्रो. शिशिर चन्द्र उपाध्याय, प्रो. शशांक शेखर द्विवेदी, प्रो. अर्चना पाण्डेय, डॉ. चन्दन साहू, प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा, प्रो. प्रदीप यादव, प्रो. रंजन कुमार, प्रो. उदय सिंह, प्रो. सुधीर कुमार श्रीवास्तव एवं प्रो. राजमोहन शर्मा ऑनलाइन माध्यम से बैठक में सम्मिलित हुए। बैठक में कुलसचिव राम नरायन ने कार्यवाही का संचालन किया।





