News

पड़री-जौगढ़ मार्ग निर्माण का विधायक ने पूजन कर कराया शुभारंभ

मीरजापुर। शनिवार, 14 नवंबर को मंडल शक्तेषगढ़ विकास खंड राजगढ़ विधानसभा मड़िहान के अंतर्गत पड़री वाया छितमपुर, लहौरा, बरगवां होते हुए जौगढ़ तक जाने वाले मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। लंबे समय से खराब स्थिति में होने के कारण यह मार्ग आवागमन के लिए काफी कठिन हो गया था।

क्षेत्रीय लोगों की समस्या को देखते हुए पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने स्वयं संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी से वार्ता की तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग का उचित ढंग से निर्माण कराने के निर्देश दिए थे।

विधायक के प्रयासों के बाद शनिवार को लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग ₹1.50 करोड़ की लागत से उक्त मार्ग पर मशीनों के माध्यम से तारकोल की एक पूरी परत बिछाने का कार्य शुरू कराया गया। इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल मौके पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।

विधायक ने कहाकि क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाना और आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी और आसपास के गांवों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दिया, ताकि सड़क लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनी रहे और ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, ठेकेदार रामलखन सिंह, सूर्यभान सिंह एवं ओमप्रकाश दुबे, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!