News

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ सम्पन्न; मतदान के माध्यम से ही लोकतंत्र को कर सकते हैं मजबूत – मतदाता सूची का हो चुका है प्रकाशन- मुख्य विकास अधिकारी

0 मतदाता सूची का किया गया है प्रकाशन, अपने बूथों पर कर देख सकते हैं अपना नाम, यदि नाम किन्हीं कारण से छूट गया है तो BLO से सम्पर्क कर अथवा ऑनलाइन भरें फार्म-6

0 1 जनवरी 2027 तक जिन युवाओं/व्यक्ति की उम्र पूर्ण हो रही है, वे बीएलओ से मिलकर बन सकते हैं मतदाता

निर्वाचन आईकान उषा गुप्ता ने लोकगीत के माध्यम से युवाओं को किया जागरूक

0 मतदान के प्रति मुख्य विकास अधिकारी ने दिलाई शपथ, आईकान उषा गुप्ता को किया सम्मानित

मीरजापुर। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार के मार्गदर्शन में एवं मुख्य विकास अधिकारी/ नोडल अधिकारी स्वीप आज BLJ ग्राउंड में आयोजित खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के मंच पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा मतदाताओं, छात्र-छात्राओं, बीएलओ, ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि मतदान से ही लोकतंत्र को मजबूत किया जा सकता है। लोकतंत्र की असली ताकत मतदाता ही हैं। एक-एक वोट से सरकार बनती है और देश व प्रदेश की दिशा तय होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग आने वाले निर्वाचन में अवश्य करें। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं तो मतदान करें ही, साथ ही अपने परिवार, मोहल्ले और गांव के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है। सभी मतदाता अपनी मतदाता सूची को अपने-अपने मतदान केंद्रों, बूथों पर जाकर देख सकते हैं। यदि किन्हीं कारणों से किसी का नाम सूची में छूट गया है तो वह घबराए नहीं। वह अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर अथवा ऑनलाइन माध्यम से फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकता है। नाम में संशोधन, पता परिवर्तन अथवा नाम हटवाने के लिए भी निर्धारित फार्म भरे जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि 01 जनवरी 2027 तक जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे भी बीएलओ से मिलकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। युवा ही देश का भविष्य हैं। उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

कार्यक्रम में निर्वाचन आईकान/ अन्तर्राष्ट्रीय कजली गायिका ऊषा गुप्ता ने लोकगीत के माध्यम से युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने पारंपरिक लोकगीतों और मनमोहक प्रस्तुति से मतदान के महत्व को सरल भाषा में समझाया। उनके गीतों को सुनकर श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए और सभी ने मतदान करने का संकल्प लिया। उषा गुप्ता ने गीतों के माध्यम से कहा कि मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, हमारा कर्तव्य भी है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को मतदान के प्रति शपथ दिलाई। सभी ने हाथ उठाकर निष्पक्ष, निर्भीक और बिना किसी प्रलोभन के मतदान करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर निर्वाचन आईकान उषा गुप्ता को उनके उत्कृष्ट कार्य और मतदाता जागरूकता में सराहनीय योगदान के लिए मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री पवन कुमार ने किया

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय, बीएलओ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!