News

थाना दिवस में एसपी ने सुनी फरियाद, अपराधियों के सत्यापन का दिया निर्देश; कहा- हिस्ट्रीशीटर, गैंगस्टर और जिला बदर अपराधियों के अभिलेख व उनके गतिविधि पर रखे नजर

पड़री, मीरजापुर। थाना पड़री में शनिवार को आयोजित थाना दिवस पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और सीओ सदर जटाशंकर मिश्र ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया।
थाना दिवस में राजस्व संबंधी कुल पांच प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें एक का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि चार प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई जारी है।
इसके बाद एसपी ने थाना पड़री के अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने हिस्ट्रीशीटर, गैंगस्टर और जिला बदर अपराधियों का फोटो सहित सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही एनडीपीएस से जुड़े अपराधियों की चल-अचल संपत्तियों की जांच-पड़ताल करने और अधूरे अभिलेखों को समय से पूरा करने को कहा।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके। इस दौरान थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार सहित थाना पड़री के पुलिसकर्मी, राजस्व विभाग के लेखपाल एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!