चुनार, मीरजापुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ वाराणसी यूनिट और चुनार पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 310 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 62 लाख रुपये आंकी गई है।
एएनटीएफ को मुखबिर द्वारा मिली सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने शुक्रवार की शाम रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 310 ग्राम हेरोइन, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, पैन कार्ड और 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सराय टेकौर निवासी गौतम साहनी पुत्र पंचम साहनी के रूप में हुई है। शनिवार को अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय भेजा गया। टीम में आरक्षी शक्तिधर पांडेय, शिवांश राय तथा चुनार पुलिस के उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा और हेड कांस्टेबल आसिफ इकबाल खां शामिल रहे।





