आगरा।
सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद जी जनपद आगरा के सुर सदन सभागार में आयोजित मंडलीय मत्स्य पालक बैठक में सम्मिलित हुए। मंत्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आगरा मंडल के आगरा और मथुरा जनपदों में खारे पानी की उपलब्धता के कारण मत्स्य पालन, विशेषकर खारे पानी के झींगा उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि अब तक खारे पानी के झींगा का उत्पादन मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में होता था, लेकिन अब वही उत्पादन आगरा और मथुरा में भी सफलतापूर्वक किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि पहले उत्तर प्रदेश को देश के अन्य राज्यों से मछली आयात करनी पड़ती थी, लेकिन उत्तर प्रदेश में मत्स्य विभाग के स्वतंत्र रूप से कार्य करने के बाद विगत दो वर्षों में इनलैंड फिशरीज (अंतर्देशीय मत्स्य पालन) के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर पहुँच गया है। मंत्री ने आगरा मंडल के मत्स्य पालकों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार मत्स्य पालन के क्षेत्र में आगरा मंडल को विशेष महत्व देगी तथा मछुआ समुदाय के उत्थान के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायकों को मिली ‘आजादी की सांस’: डॉ संजय कुमार निषाद
मंत्री ने आज समाजवादी पार्टी द्वारा तीन बागी विधायकों को निष्कासित किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने जो निर्णय लिया है, उससे आज उन तीन विधायकों को सच में “आजादी की सांस” मिली है। मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अंदर कुछ ऐसे सलाहकार हैं, जो पार्टी को डुबोने का काम कर रहे हैं। अगर पार्टी से सात विधायकों ने बगावत की थी तो फिर केवल तीन को ही क्यों निकाला गया? क्या समाजवादी पार्टी में कानून और नियम सबके लिए एक समान नहीं हैं? यह चयनात्मक कार्रवाई समाजवादी पार्टी की तानाशाही और खोखली नीतियों को उजागर करती है। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के विधायकों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर राज्यसभा चुनाव में मतदान किया था। अंतरात्मा की आवाज पर किसी प्रकार की रोक संभव नहीं है। लोकतंत्र में हर जनप्रतिनिधि को यह अधिकार है कि वह अपने विवेक और समाजहित में निर्णय ले।
श्री बांके बिहारी कॉरिडोर: श्रद्धालुओं के लिए सरकार प्रतिबद्ध: डॉ संजय कुमार निषाद
मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा स्पष्ट है – श्री बांके बिहारी जी के प्रत्येक श्रद्धालु को सुलभ, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो। सरकार का प्रयास है कि किसी भी श्रद्धालु को दर्शन के लिए परेशानी न उठानी पड़े। मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में पुलिस लाइन, थानों और चौकियों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन पर रोक लगवाई थी, वे आज श्री बांके बिहारी कॉरिडोर पर बोलने का नैतिक अधिकार खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी जन्माष्टमी मनाने से डरते थे, वे न तो यादव समाज के सच्चे हितैषी हो सकते हैं और न ही श्री बांके बिहारी जी के करोड़ों भक्तों के प्रति उनकी सोच ईमानदार हो सकती है। मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन श्रद्धालु और प्रदेश की जनता सच्चाई जानती है।



